Homeबड़ी खबरेताजा खबरबिरसा मुंडा जयंती पर विंढमगंज में भव्य शोभायात्रा व सांस्कृतिक कार्यक्रम

बिरसा मुंडा जयंती पर विंढमगंज में भव्य शोभायात्रा व सांस्कृतिक कार्यक्रम

भारत दृष्टि लाइव न्यूज़ — विण्ढमगंज, सोनभद्र
संवाददाता : जितेंद्र प्रसाद गुप्ता

विंढमगंज (सोनभद्र)।
भारतीय इंटरमीडिएट कॉलेज के खेल मैदान में आज दोपहर लगभग 2 बजे आदिवासी समाज के महानायक धरती आबा बिरसा मुंडा की जयंती बड़े ही धूमधाम और पारंपरिक उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में आदिवासी पुरुषों, महिलाओं तथा युवाओं ने हिस्सा लिया।

नगर के हलवाई चौक, सुभाष तिराहा, मुडिसेमर तिराहा, सीता मोड़, सलैयाडिह से होते हुए एक भव्य शोभायात्रा रांची–रीवा मुख्य मार्ग पर निकाली गई। नृत्य, ढोल–मांदर की थाप और पारंपरिक वेशभूषा के साथ निकला यह जुलूस पूरे क्षेत्र का आकर्षण बना रहा। शोभायात्रा पुनः खेल मैदान पहुंचकर सांस्कृतिक कार्यक्रमों में तब्दील हो गई।

दीप प्रज्वलित कर हुआ शुभारंभ

बिरसा मुंडा के चित्र पर दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ ग्राम प्रधान तारा देवी, मीरा सिंह गोंड, ओमप्रकाश रावत, संजय गोंड और विजय गोंड ने संयुक्त रूप से किया।

वक्ताओं ने रखे विचार

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एडवोकेट संतोष सिंह गोंड ने कहा कि बिरसा मुंडा का जन्म 15 नवंबर 1875 को उलीहातू गाँव में हुआ था। कम उम्र में ही उन्होंने अंग्रेजों के अत्याचार और आदिवासियों पर हो रहे अन्याय के खिलाफ ऐतिहासिक मुंडा विद्रोह का नेतृत्व किया। उनका दिया गया नारा —
“अबुआ दिसुम, अबुआ राज” (हमारी भूमि पर हमारा राज)
आज भी आदिवासी अधिकारों का प्रतीक है। वर्ष 1900 में अंग्रेजों द्वारा गिरफ्तार किए जाने के बाद रांची जेल में उनकी मृत्यु हो गई थी।

वहीं ओमप्रकाश रावत ने कहा कि बिरसा मुंडा धार्मिक व सामाजिक सुधारों के अग्रदूत थे। उन्होंने पारंपरिक मूल्यों पर आधारित बिरसाइत आंदोलन चलाकर आदिवासियों को संगठित किया और उनकी अस्मिता की रक्षा की। उनके नेतृत्व, दृढ़ता और न्याय के प्रति समर्पण ने उन्हें ‘धरती आबा’ की उपाधि दिलाई।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन

कार्यक्रम स्थल पर आदिवासी समाज के कलाकारों ने एक से बढ़कर एक सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दीं। पारंपरिक नृत्य और लोकगीतों ने वातावरण को ऊर्जा और उत्साह से भर दिया।

इनकी रही प्रमुख उपस्थिति

हीरालाल मरपची, विजय सिंह गोंड, सुखदेव सिंह पोया, मुन्नालाल गौतम, सुरेंद्र पासवान, जयमंगल उरैती, राजेश रावत, कार्तिक यादव, अभिषेक, अनिल कुमार, राजमती देवी, फौजदार सिंह, शिव कुमार आयाम, सुभाष भारती, अमरेश भारती, निरंजन कुमार रावत सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।


RELATED ARTICLES

Most Popular