Homeबड़ी खबरेताजा खबरझारखंड स्थापना दिवस पर आंदोलनकारियों का सम्मान, वीर शहीदों को नमन

झारखंड स्थापना दिवस पर आंदोलनकारियों का सम्मान, वीर शहीदों को नमन

केतार (गढ़वा): झारखंड स्थापना दिवस के पावन अवसर पर शनिवार को केतार प्रखण्ड परिसर में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में झारखंड राज्य आंदोलन में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले सभी आंदोलनकारियों को प्रमुख प्रतिनिधि चन्दावती देवी, प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रशांत कुमार तथा केतार थाना प्रभारी अरुण कुमार रवानी द्वारा अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। सम्मान समारोह के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने झारखंड आंदोलनकारियों के संघर्ष और बलिदान को याद करते हुए उन्हें समाज का सच्चा प्रेरणास्रोत बताया।

कार्यक्रम की शुरुआत भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ की गई। उपस्थित सभी लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर बिरसा मुंडा सहित उन सभी वीर शहीदों को श्रद्धांजलि दी, जिनके बलिदान और संघर्षों के परिणामस्वरूप अलग झारखंड राज्य का गठन संभव हो पाया। वक्ताओं ने कहा कि बिरसा मुंडा जैसे महापुरुष ने जल, जंगल, जमीन की रक्षा और आदिवासी समाज के अधिकारों के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया।

इस अवसर पर प्रमुख चन्दावती देवी ने कहा कि आंदोलनकारियों के संघर्ष और त्याग के बिना झारखंड आज इस मुकाम पर नहीं पहुंच पाता। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे राज्य के विकास में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएँ और बिरसा मुंडा के आदर्शों को अपनाते हुए समाज में जागरूकता फैलाएँ।

थाना प्रभारी अरुण कुमार रवानी और बीडीओ प्रशांत कुमार ने भी कहा कि आंदोलनकारियों का योगदान इतिहास के स्वर्णिम अक्षरों में दर्ज है और समाज हमेशा उनका ऋणी रहेगा। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों और आंदोलनकारियों का आभार व्यक्त किया।

सम्मान समारोह में प्रखण्ड क्षेत्र के कई जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, पंचायत प्रतिनिधि, ग्रामीण एवं सम्मानित नागरिक उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन गरिमामय वातावरण में किया गया और अंत में राष्ट्रीय गीत के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

RELATED ARTICLES

Most Popular