Homeबड़ी खबरेताजा खबरपूर्व ब्लॉक प्रमुख चोपन की माता के निधन पर क्षेत्र में शोक...

पूर्व ब्लॉक प्रमुख चोपन की माता के निधन पर क्षेत्र में शोक की लहर।

विंढमगंज, सोनभद्र।
विकासखंड दुद्धी क्षेत्र के ग्राम पंचायत बुटबेढवा में मंगलवार को शोक की लहर दौड़ गई, जब गांव के ही निवासी, चोपन के पूर्व ब्लॉक प्रमुख एवं भारतीय इंटरमीडिएट कॉलेज के प्रबंधक रामसकल जायसवाल की माता कमला देवी (86 वर्ष) का निधन हो गया। वह पिछले लंबे समय से बीमार चल रही थीं तथा चोपन स्थित आवास पर उनका इलाज कराया जा रहा था। मंगलवार की सुबह इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली।

जैसे ही उनका पार्थिव शरीर पैतृक आवास बुटबेढवा पहुंचा, पूरे क्षेत्र में मातम का माहौल बन गया। ग्रामीण, जनप्रतिनिधि एवं सामाजिक कार्यकर्ता उनके अंतिम दर्शन के लिए उमड़ पड़े।
कमला देवी अपने सरल स्वभाव, मिलनसार व्यवहार और ग्रामीणों के दुःख–सुख में हरदम शामिल रहने के लिए जानी जाती थीं। उनके निधन से गांव के बुजुर्गों से लेकर युवाओं तक में गहरा दुःख व्याप्त है।

सन क्लब सोसायटी के अध्यक्ष अभिषेक प्रताप सिंह उर्फ किशु सिंह ने क्लब की एक बैठक आयोजित कर दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा,
“पूर्व ब्लॉक प्रमुख चोपन रामसकल जायसवाल जी की माता का निधन हम सभी के लिए अत्यंत दुखद है। वह गांव के हर व्यक्ति से आत्मीयता से मिलती थीं और सामाजिक कार्यों में हमेशा आगे रहती थीं। उनके जाने से एक महत्वपूर्ण मार्गदर्शक का अभाव हो गया है।”

संयोजक राकेश कुमार एडवोकेट ने भी गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि स्वर्गीय मुन्नीलाल गुप्ता की धर्मपत्नी एवं रामसकल जायसवाल जी की माता का निधन पूरे क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने मृत आत्मा की शांति एवं शोकाकुल परिजनों को धैर्य प्रदान करने हेतु ईश्वर से प्रार्थना की।

श्रद्धांजलि देने वालों में अमरेश केसरी, प्रभात कुमार, सुमन कुमार, राजेंद्र गुप्ता, वीरेंद्र कुमार, ओमप्रकाश, अजय गुप्ता, नंदकिशोर गुप्ता, ओमप्रकाश यादव, हर्षित चंद्रवंशी, मुरारी जायसवाल, अजीत गुप्ता, उदय जायसवाल, आनंद जायसवाल सहित अनेक ग्रामीण एवं सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे।

परिजनों ने बताया कि अंतिम संस्कार की प्रक्रिया परिजनों की सहमति के अनुसार संपन्न कराई जाएगी। गांव में गहरा सन्नाटा एवं शोक का माहौल व्याप्त है।


RELATED ARTICLES

Most Popular