
नेशनल हाईवे पर गड्ढे से बड़ा हादसा: अचानक ब्रेक लगने पर बाइक सवार ने कार में मारी टक्कर, एक घायल
विण्ढमगंज/सोनभद्र। राष्ट्रीय रीवा–रांची राजमार्ग एनएच-39 पर स्थित घीवही रेलवे गेट नंबर 50 से लगभग 100 मीटर पहले शनिवार की रात एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। जानकारी के अनुसार विण्ढमगंज की ओर से एक कार और बाइक दोनों आ रहे थे। नेशनल हाईवे पर बने गड्ढे को देखते हुए कार चालक ने अचानक ब्रेक लगा दी। इसी दौरान पीछे से आ रही बाइक संख्या UP64 AU 7295 अनियंत्रित हो गई और तेज रफ्तार में कार से जा टकराई।
हादसे में बाइक सवार धर्मजीत गोंड, निवासी घीवही, पुत्र बैजनाथ गोंड गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया गया कि धर्मजीत अपनी बाइक से रात लगभग 8 बजे विण्ढमगंज से अपने घर की ओर लौट रहे थे, तभी यह दुर्घटना हुई। टक्कर होते ही आसपास के ग्रामीण तत्काल मौके पर जुट गए और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही विण्ढमगंज थाना प्रभारी तथा 112 की टीम तेजी से घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने घायल धर्मजीत गोंड को एंबुलेंस के द्वारा दुद्धी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया, जहां उनका इलाज जारी है। हादसे में क्षतिग्रस्त कार और बाइक को पुलिस ने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि नेशनल हाईवे पर जगह-जगह गड्ढों के कारण दुर्घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन विभाग ध्यान नहीं दे रहा। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
— विण्ढमगंज सोनभद्र से
जितेंद्र प्रसाद गुप्ता की रिपोर्ट
भारत दृष्टि लाइव न्यूज़



