
धोरपा ग्राम पंचायत में बिजली विभाग की लापरवाही से फिर गई एक और जान ।

जर्जर तार बना मौत का जाल
विण्ढमगंज (सोनभद्र):
स्थानीय ग्राम पंचायत धोरपा में बिजली विभाग की लापरवाही एक बार फिर मौत का कारण बन गई। आज सुबह लालमुनि यादव पुत्र तपसी यादव, निवासी धोरपा, अपने खेत में धान की देखरेख के लिए घर से निकले थे। इसी दौरान रास्ते में पड़े करंटयुक्त तार पर उनका पैर पड़ गया, जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में बिजली तारों की स्थिति बेहद जर्जर और खतरनाक हो चुकी है। एक पोल से दूसरी पोल की दूरी लगभग 200 मीटर है और तार इतने पुराने और कमजोर हैं कि कई जगहों पर जमीन को छूते रहते हैं। आए दिन ये तार टूटते रहते हैं, जिससे लगातार हादसे हो रहे हैं।
ग्रामीणों के अनुसार, पिछले एक महीने पहले भी इसी पंचायत में एक दर्दनाक हादसा हुआ था। इसके अलावा तीन से चार महीने पहले कई मवेशियों की भी करंट की चपेट में आकर मौत हो चुकी है।
क्षेत्र में 11,000 वोल्टेज की लाइन को फिलहाल वैकल्पिक व्यवस्था के जरिए संचालित किया जा रहा है, जो और भी खतरनाक स्थिति पैदा कर रही है।
ग्रामवासियों ने कई बार विद्युत विभाग के अधिकारियों को लिखित और मौखिक शिकायतें की हैं, लेकिन अब तक कोई सुधारात्मक कार्रवाई नहीं की गई है।
ग्रामीणों का कहना है कि विभाग की इस घोर उदासीनता का परिणाम अब आम लोगों की जान लेकर सामने आ रहा है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द क्षेत्र की बिजली व्यवस्था की मरम्मत कराई जाए, ताकि आगे और कोई जनहानि न हो।
रिपोर्ट: जितेंद्र प्रसाद गुप्ता
भारत दृष्टि लाइव न्यूज़ | विण्ढमगंज, सोनभद्र



