

विंढमगंज में ज़मीन पर कब्जा को लेकर दो पक्षों में विवाद।

जमीन व मकान पर कब्जा को लेकर 6 लोगों पर हुआ मुकदमा दर्ज

महिला ने दी विण्ढमगंज थाना को तहरीर

विंढमगंज (सोनभद्र)।स्थानीय थाना क्षेत्र के ग्राम हरनाकछार में ज़मीन के कब्जे को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद गहराने का मामला सामने आया है। महिला ने थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया है कि उसके पड़ोसी ने उसकी ज़मीन पर कब्जा कर लिया और उसके घर का सामान भी तोड़फोड़ कर गायब कर दिया।प्राप्त जानकारी के अनुसार, हरनाकछार निवासी सरिता देवी पत्नी राम आधार गुप्ता ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि वह वर्षों से अपनी पुश्तैनी भूमि पर रह रही हैं। बताया कि विंढमगंज-दुद्धी मार्ग पर स्थित उनकी भूमि पर पहले से 10×10 वर्ग फीट का टीन शेड कमरा बना हुआ था। इसी जगह पर उन्होंने चारदीवारी भी कराई थी।पीड़िता ने बताया कि घटना 19 सितम्बर 2025 की शाम करीब चार बजे की है, जब वह अपने घर के बाहर गई हुई थीं। लौटने पर देखा कि घर का ताला टूटा हुआ है और दीवार भी तोड़ी गई है। अंदर जाने पर देखा कि सारा सामान गायब है।

तभी उसने घटना की जानकारी पुलिस को 112 नंबर पर कॉल करके दी। पुलिस मौके पर पहुँची, लेकिन तब तक आरोपी वहां से फरार हो चुके थे।सरिता देवी ने तहरीर में आरोप लगाया है कि दशरथ गुप्ता पुत्र स्वर्गीय बच्चा साह ,संतोष गुप्ता पुत्र दशरथ गुप्ता, रविंद्र गुप्ता पुत्र दशरथ गुप्ता, कुमारी देवी पत्नी दशरथ गुप्ता, शोभा देवी पत्नी संतोष गुप्ता, बैशाली देवी पत्नी रविंद्र गुप्ता आदि ने मिलकर उसकी जमीन में जबरन घुसकर कब्जा कर लिया और घर का सामान बाहर फेंक दिया।पीड़िता ने कहा कि जब उसने विरोध किया तो आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी दी।सरिता देवी ने बताया कि उसने कई बार इस मामले की शिकायत स्थानीय अधिकारियों से की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।

आखिरकार उसने थाना विंढमगंज में FIR दर्ज कराई, जिसमें पुलिस ने धारा 303(2), 329(3), 352, 351(3) भारतीय न्याय संहिता, 2023 के तहत मुकदमा पंजीकृत किया है।पुलिस का कहना है कि मामला भूमि विवाद से जुड़ा हुआ है। जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना की तारीख: 19 सितम्बर 2025तहरीर दर्ज होने की तारीख: 10 अक्टूबर 2025 स्थान: ग्राम हरनाकछार, थाना विंढमगंज, जनपद सोनभद्र प्रार्थिनी: सरिता देवी पत्नी राम आधार गुप्ता जांच अधिकारी: राजेश कुमार यादव



