Homeबड़ी खबरेताजा खबरजंगल में घेराबंदी कर बड़ा खुलासा: पेट्रोल टैंकर के गुप्त चैंबर से...

जंगल में घेराबंदी कर बड़ा खुलासा: पेट्रोल टैंकर के गुप्त चैंबर से 2.27 क्विंटल गांजा बरामद।

जंगल में घेराबंदी कर बड़ा खुलासा: पेट्रोल टैंकर के गुप्त चैंबर से 2.27 क्विंटल गांजा बरामद



सोनभद्र जिले के दुद्धी कोतवाली क्षेत्र में पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजा तस्करों के मंसूबों पर करारा प्रहार किया है। एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (गोरखपुर) और दुद्धी पुलिस की संयुक्त टीम ने रजखड़ घाटी जंगल क्षेत्र में घेराबंदी कर एक पेट्रोल-डीजल टैंकर से भारी मात्रा में गांजा बरामद किया।
जानकारी के अनुसार, तस्कर बेहद शातिर तरीके से पेट्रोल-डीजल टैंकर के अंदर एक विशेष गुप्त कक्ष बनाकर उसमें गांजा छिपाकर ले जा रहे थे, ताकि किसी को शक न हो। पुलिस को पहले से मिली गुप्त सूचना के आधार पर टीम ने जंगल क्षेत्र में घेराबंदी की और संदिग्ध टैंकर को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान टैंकर के भीतर बने विशेष चैंबर से करीब 2.27 क्विंटल गांजा बरामद हुआ।


बताया जा रहा है कि यह खेप झारखंड से रायबरेली ले जाई जा रही थी। बरामद गांजा की बाजार कीमत लगभग 45 लाख रुपये आंकी गई है। इस कार्रवाई से तस्करों के नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है। पुलिस ने मौके से आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है।
इस सफल कार्रवाई से जहां एक ओर पुलिस की सतर्कता और प्रतिबद्धता का परिचय मिला है, वहीं दूसरी ओर यह भी साफ हो गया है कि तस्कर नए-नए तरीके अपनाकर कानून से बचने की कोशिश कर रहे हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और जल्द ही बड़े खुलासे की संभावना जताई जा रही है।

RELATED ARTICLES

Most Popular