
छठ पर्व के दौरान चोरों ने दिया बड़ी वारदात को अंजाम।
रिटायर्ड विद्युतकर्मी के घर से 10 से 15 लाख रुपये के आभूषण चोरी
दुद्धी (सोनभद्र)।
नगर पंचायत दुद्धी के वार्ड नंबर 11 में उस समय सनसनी फैल गई जब सेवानिवृत्त विद्युत विभाग कर्मी शिव प्रसाद जायसवाल के घर से चोरों ने लाखों रुपये के आभूषण पर हाथ साफ कर दिया। घटना शनिवार की देर रात की बताई जा रही है, जब घर की मालकिन सुमन देवी अपने मायके वार्ड नंबर 4 स्थित उमंग मिष्ठान भंडार पर छठ पर्व की तैयारी में गई हुई थीं।
घर लौटते ही टूटा ताला और खाली अलमारी देख दंग रह गईं गृहस्वामिनी
रविवार दोपहर करीब 12 बजे जब सुमन देवी घर लौटीं तो देखा कि मुख्य दरवाजे की कुंडी टूटी हुई थी। घर के अंदर प्रवेश करने पर अलमारी व लॉकर पूरी तरह अस्त-व्यस्त थे।
जांच करने पर पता चला कि अलमारी में रखे लगभग 10 से 15 लाख रुपये मूल्य के सोने–चांदी के जेवरात चोरी हो गए हैं।
चोरों ने आश्चर्यजनक रूप से नकली आभूषणों को छोड़ दिया, जिससे यह साफ हो गया कि उन्हें असली और नकली सोने की अच्छी पहचान थी।
ये आभूषण हुए चोरी
चोरी गए जेवरों में —
- एक अदद मंगलसूत्र,
- दो सोने के झुमके,
- दो सोने की सिकड़ी (चेन),
- एक मांगटीका,
- एक सोने की अंगूठी,
- एक सोने की नथ,
- एक चांदी की हसूली शामिल हैं।
घटना के वक्त घर में कोई नहीं था
मकान स्वामी शिव प्रसाद जायसवाल उस समय अपने पिता के इलाज हेतु गढ़वा (झारखंड) गए हुए थे। घर में उनकी पत्नी सुमन देवी अकेली थीं, जो छठ पर्व के पहले दिन नहाए-खाए की तैयारी के लिए मायके चली गई थीं। इसी दौरान चोरों ने दीवार फांदकर घर में प्रवेश किया और वारदात को अंजाम दिया।
परिजन सदमे में, पुलिस जांच में जुटी
घटना की जानकारी मिलते ही सुमन देवी के भाई राकेश और मुकेश जायसवाल मौके पर पहुंचे। बहन का रो-रोकर बुरा हाल था।
सूचना पर कोतवाली पुलिस दुद्धी मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
मकान स्वामी शिव प्रसाद जायसवाल ने थाना कोतवाली दुद्धी में लिखित तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
लगातार बढ़ती चोरी से कस्बे में दहशत
इससे पहले भी आलम फैशन, बीड़ी-पत्ता व्यापारी के घर और मल्देवा स्थित मसीह परिवार के आवास पर चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं।
लगातार हो रही वारदातों से कस्बे के लोग डरे और सहमे हुए हैं। लोगों का कहना है कि पुलिस को रात्रि गश्त बढ़ाने और संदिग्ध व्यक्तियों पर कड़ी नजर रखनी चाहिए।
रिपोर्टर: जितेंद्र प्रसाद
स्थान: दुद्धी, सोनभद्र
भारत दृष्टि लाइव



