
कलश यात्रा के साथ श्रीराम जानकी मंदिर में नवरात्र पाठ का शुभारंभ

विंढमगंज (सोनभद्र)।
विंढमगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत झारखंड बॉर्डर पर स्थित दिगंबर अखाड़ा अयोध्या से संबद्ध श्रीराम जानकी मंदिर एवं बाबा डीहवार प्रांगण से सोमवार को शारदीय नवरात्र के प्रथम दिन भव्य कलश यात्रा निकाली गई।

बाबा वेद मोहन दास ब्रह्मचारी के नेतृत्व में जय माता दी के गगनभेदी नारों और मधुर भजनों के बीच सैकड़ों महिला-पुरुष श्रद्धालु कलश यात्रा में शामिल हुए। यात्रा मेन रोड, हलवाई चौक, सुभाष तिराहा, मुडिसेमर तिराहा होते हुए शिव मंदिर के समीप बहने वाली सतत वाहिनी नदी तट तक पहुँची, जहाँ पंडित नंदलाल तिवारी ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच जल भरा। तत्पश्चात कलश यात्रा बंधु नगर, नाई बस्ती, कुशवाहा बस्ती, सीता मोड़, मां काली मंदिर रोड, बैंक रोड, सब्जी मंडी, साहू चौक होते हुए पुनः श्रीराम जानकी मंदिर पहुँची और मां दुर्गा प्रतिमा के समक्ष कलश की स्थापना की गई।
इस अवसर पर यजमान कृष्णा विश्वकर्मा, ग्राम प्रधान तारा देवी, मंदिर समिति के अध्यक्ष संजय कुमार गुप्ता सहित सैकड़ों श्रद्धालु मौजूद रहे। कलश यात्रा का नेतृत्व कर रहे वेद मोहन दास ब्रह्मचारी ने कहा कि क्षेत्र में अमन-चैन व सुख-शांति बनाए रखने के लिए पूरे विधि-विधान से मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की पूजा-अर्चना होगी। प्रतिदिन संध्या आरती एवं महाप्रसाद का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे।
पूरी यात्रा व कार्यक्रम के दौरान राजू गुप्ता, सुमन गुप्ता, ओपी यादव, राजकमल गुप्ता, ओम प्रकाश रावत, कार्तिक चंद्रवंशी, चंदन मौर्य, रोशन गुप्ता, उदय जायसवाल समेत बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे, वहीं प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही।



