Homeबड़ी खबरेताजा खबरकरबला के पैगाम को जीवन में उतारने का आह्वान, गैर-शरई रस्मों से...

करबला के पैगाम को जीवन में उतारने का आह्वान, गैर-शरई रस्मों से बचने की नसीहत

मोहर्रम पर उलेमा की अपील: अमन, इबादत और सुन्नत के मुताबिक मनाएं मोहर्रम


करबला के पैगाम को जीवन में उतारने का आह्वान, गैर-शरई रस्मों से बचने की नसीहत


सोनभद्र। मोहर्रमुल हराम के मौके पर जनपद के सुन्नी उलेमा ने मुस्लिम समाज से अमन, भाईचारे और शरीअत के मुताबिक मोहर्रम मनाने की अपील की है। उलेमा ने कहा कि मोहर्रम इस्लामी साल का पहला महीना है, जो सब्र, इबादत, तकवा और हजरत इमाम हुसैन (रज़ि.) की महान कुर्बानी की याद दिलाता है।
इस्लामिक स्कॉलर मौलाना इबादत हुसैन नूरी सोनभद्री ने कहा कि करबला का संदेश हक, इंसाफ और दीन पर मजबूती से कायम रहने का है। उन्होंने कहा कि हजरत इमाम हुसैन (रज़ि.) की कुर्बानी पूरी इंसानियत के लिए एक मिसाल है, जो हमें अन्याय और अत्याचार के खिलाफ आवाज उठाने की प्रेरणा देती है।
वहीं जामा मस्जिद रॉबर्ट्सगंज के इमाम मौलाना तौफीक आलम ने कहा कि मोहर्रम से जुड़ी जानकारी और मार्गदर्शन कुरआन, हदीस तथा प्रमाणिक इस्लामी पुस्तकों की रोशनी में प्राप्त करना चाहिए। उन्होंने लोगों से दीन की सही शिक्षा को अपनाने और धार्मिक मामलों में संयम बरतने की अपील की।
उलेमा ने कहा कि मोहर्रम के दौरान ढोल-ताशा, शोर-शराबा और दिखावे पर आधारित गतिविधियों से बचना चाहिए। यह महीना इबादत, तिलावत-ए-कुरआन, जिक्र, दुआ, सदका और करबला के संदेश पर चिंतन करने का अवसर प्रदान करता है। इसलिए मुसलमानों को गैर-जरूरी रस्मों से दूर रहकर अल्लाह की इबादत और नेक अमल पर ध्यान देना चाहिए।
इस अवसर पर मौलाना सगीर अहमद, मौलाना अंसारुल हक़ नूरी, मौलाना बहज़ाद अनवर, हाफिज जाबिर, हाफिज मुख्तार रज़ा अहरौरा, मौलाना अली खान बरकाती, मौलाना कारी मुश्ताक अहमद, हाफिज जावेद सहित अन्य उलेमा ने भी मोहर्रम के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि यौमे आशूरा का दिन रोजा, इबादत और अल्लाह की रज़ा हासिल करने का महत्वपूर्ण अवसर है।
उलेमा ने विशेष रूप से युवाओं से अपील की कि वे मोहर्रम के दौरान अमन, भाईचारा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें तथा धार्मिक कार्यक्रमों में शालीनता और अनुशासन के साथ भाग लें।
अंत में सभी उलेमा ने देश में अमन-चैन, कौमी एकता, आपसी भाईचारे और मानवता की भलाई के लिए विशेष दुआ की।

RELATED ARTICLES

Most Popular