
“हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजा नगर उटारी, सर्वेश्वरी समूह के श्रद्धालु बाबा बैद्यनाथ धाम के लिए रवाना।
नगर उटारी/विंढमगंज। सावन माह की शिवमय आस्था के बीच मंगलवार, 4 अगस्त 2026 की शाम नगर उटारी प्रखंड का वातावरण “बोल बम” और “हर-हर महादेव” के जयघोष से गूंज उठा। प्रखंड क्षेत्र के ग्राम पंचायत मकरी से सर्वेश्वरी समूह के दर्जनों श्रद्धालु बाबा भोलेनाथ के दर्शन एवं जलाभिषेक के लिए झारखंड स्थित पवित्र बाबा बैद्यनाथ धाम (देवघर) की यात्रा पर उत्साह और श्रद्धा के साथ रवाना हुए।
शाम लगभग 5 बजे सभी श्रद्धालु सबसे पहले उत्तर प्रदेश-झारखंड सीमा पर स्थित प्रसिद्ध दीवार बाबा के दरबार में पहुंचकर विधिवत दर्शन-पूजन किया और यात्रा के सफल एवं मंगलमय होने की कामना की। इसके बाद श्रद्धालुओं का जत्था बिहार के पवित्र तीर्थ सुल्तानगंज के लिए रवाना हुआ, जहां उत्तरवाहिनी गंगा से पवित्र जल भरकर संकल्प लिया जाएगा। इसके उपरांत सभी कांवरिया लगभग 108 किलोमीटर की पैदल यात्रा पूरी कर झारखंड के देवघर स्थित विश्व प्रसिद्ध बाबा बैद्यनाथ धाम में भगवान शिव का जलाभिषेक करेंगे।
यात्रा में शामिल पुरुष एवं महिलाएं भगवा वस्त्र धारण किए हुए थे। हाथों में कांवर और भगवा ध्वज लिए श्रद्धालु “बोल बम”, “हर-हर महादेव” और “जय बाबा बैद्यनाथ” के जयघोष के साथ पूरे उत्साह से आगे बढ़ते नजर आए। श्रद्धालु अपने निजी वाहनों से सुल्तानगंज के लिए रवाना हुए। इस दौरान गांव और आसपास के लोगों ने भी यात्रा दल का स्वागत करते हुए सफल यात्रा की शुभकामनाएं दीं।
श्रद्धालुओं ने बताया कि सावन माह में बाबा बैद्यनाथ धाम की यात्रा का विशेष धार्मिक महत्व है। मान्यता है कि सच्ची श्रद्धा और विश्वास के साथ बाबा भोलेनाथ का जलाभिषेक करने से मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं तथा परिवार में सुख, शांति और समृद्धि का वास होता है।
सर्वेश्वरी समूह के इस धार्मिक यात्रा दल के रवाना होने से पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण देखने को मिला। श्रद्धालुओं का उत्साह, आस्था और शिवभक्ति लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी रही तथा पूरा क्षेत्र शिवमय रंग में रंगा दिखाई दिया।



