Homeबड़ी खबरेताजा खबर20 वर्षों से बंद पड़ा विद्यालय, बच्चों का भविष्य अंधकार में।डीएम से...

20 वर्षों से बंद पड़ा विद्यालय, बच्चों का भविष्य अंधकार में।डीएम से लेकर शासन तक कार्रवाई की मांग।

20 वर्षों से बंद पड़ा विद्यालय, बच्चों का भविष्य अंधकार में।
डीएम से लेकर शासन तक कार्रवाई की मांग
ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को सौंपा प्रार्थना पत्र, तत्काल विद्यालय संचालन शुरू कराने की उठी मांग।

सोनभद्र। जनपद के विकासखंड दुद्धी अंतर्गत ग्राम पंचायत बुटबेढवा में स्थित बेसिक प्राथमिक पाठशाला पिछले लगभग 20 वर्षों से बंद पड़ी है। विद्यालय के बंद होने से गांव के गरीब, मजदूर और किसान परिवारों के बच्चों की शिक्षा बुरी तरह प्रभावित हो रही है। इस गंभीर समस्या को लेकर ग्रामीणों ने जिलाधिकारी सोनभद्र को प्रार्थना पत्र सौंपकर विद्यालय को तत्काल संचालित कराने की मांग की है।
प्रार्थना पत्र में ग्रामीण अशोक कुमार जायसवाल ने बताया कि गांव की बेसिक प्राथमिक पाठशाला वर्षों से बंद है। विद्यालय भवन और शैक्षणिक गतिविधियां पूरी तरह ठप होने के कारण छोटे-छोटे बच्चों को शिक्षा के लिए दूसरे गांवों का रुख करना पड़ता है। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए यह संभव नहीं हो पाता, जिसके कारण कई बच्चे पढ़ाई से वंचित हो रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि सरकार एक ओर “सब पढ़ें, सब बढ़ें” और शिक्षा का अधिकार जैसे अभियान चला रही है, वहीं दूसरी ओर गांव में सरकारी विद्यालय वर्षों से बंद पड़ा होना शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। यदि समय रहते इस ओर ध्यान नहीं दिया गया तो आने वाली पीढ़ी का भविष्य प्रभावित होगा।
ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराकर विद्यालय में तत्काल शिक्षकों की नियुक्ति कराई जाए तथा नियमित रूप से पठन-पाठन शुरू कराया जाए। साथ ही विद्यालय भवन की स्थिति का भी निरीक्षण कर आवश्यक मरम्मत कराई जाए।
क्षेत्र के लोगों का कहना है कि यदि शासन-प्रशासन शीघ्र कार्रवाई नहीं करता है तो ग्रामीण व्यापक जनआंदोलन करने को विवश होंगे। उनका कहना है कि शिक्षा प्रत्येक बच्चे का मौलिक अधिकार है और किसी भी गांव को इस अधिकार से वंचित नहीं रखा जा सकता।
अब देखना यह होगा कि जिलाधिकारी, बेसिक शिक्षा विभाग और उत्तर प्रदेश शासन इस गंभीर मामले को कितनी गंभीरता से लेते हैं और 20 वर्षों से बंद पड़े विद्यालय में फिर से बच्चों की किलकारियां कब गूंजती हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular