Homeबड़ी खबरेताजा खबरडाकघर जाने वाला मार्ग बदहाल, टूटी पटिया व गंदगी से राहगीर परेशान;...

डाकघर जाने वाला मार्ग बदहाल, टूटी पटिया व गंदगी से राहगीर परेशान; शिकायतों के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई।

डाकघर जाने वाला मार्ग बदहाल, टूटी पटिया व गंदगी से राहगीर परेशान; शिकायतों के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई।

विंढमगंज (सोनभद्र)। विकासखंड दुद्धी के अंतर्गत ग्राम पंचायत सलैयाडिह में स्थित उप डाकघर तक जाने वाला मार्ग इन दिनों बदहाल स्थिति में पहुंच गया है। इंडियन बैंक के बगल से सब्जी मंडी होते हुए सिंचाई विभाग कॉलोनी की ओर निकलने वाली गली में लगी पटिया टूट चुकी है। इसके कारण मार्ग पर गहरा गड्ढा बन गया है, जहां बारिश का पानी, कीचड़ और कूड़ा-करकट जमा होने से लोगों का आवागमन मुश्किल हो गया है।स्थानीय निवासी अरविंद जायसवाल और राकेश कुमार केसरी ने बताया कि इस समस्या को लेकर कई बार ग्राम प्रधान एवं ग्राम प्रधान प्रतिनिधि से शिकायत की गई। हर बार जल्द मरम्मत और सफाई कराने का आश्वासन मिला, लेकिन आज तक स्थिति जस की तस बनी हुई है। उनका कहना है कि बरसात के मौसम में इस मार्ग से गुजरना बेहद जोखिम भरा हो गया है। उप डाकघर, सब्जी मंडी और आसपास के मोहल्लों में आने-जाने वाले लोगों को प्रतिदिन परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि ग्राम विकास अधिकारी सुनील कुमार श्रीवास्तव को भी कई बार मोबाइल फोन के माध्यम से इस समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। लोगों का कहना है कि टूटी पटिया, जलभराव और गंदगी के कारण दुर्घटना की आशंका बनी रहती है तथा क्षेत्र में संक्रामक बीमारियां फैलने का भी खतरा बढ़ गया है।ग्रामीणों ने सवाल उठाया कि केंद्र और राज्य सरकार द्वारा प्रत्येक ग्राम पंचायत में साफ-सफाई के लिए सफाईकर्मियों की नियुक्ति की गई है, लेकिन सलैयाडिह में सफाई व्यवस्था धरातल पर पूरी तरह निष्क्रिय दिखाई दे रही है। गली में फैली गंदगी और कूड़े के ढेर इस व्यवस्था की पोल खोल रहे हैं।ग्रामीणों ने जिला प्रशासन, विकासखंड अधिकारियों और संबंधित विभाग से मांग की है कि टूटी हुई पटिया की तत्काल मरम्मत कराई जाए, जलनिकासी की समुचित व्यवस्था की जाए तथा नियमित सफाई अभियान चलाकर लोगों को इस समस्या से शीघ्र राहत दिलाई जाए।

RELATED ARTICLES

Most Popular