
विंढमगंज में दर्दनाक सड़क हादसा: अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत, पहचान में जुटी पुलिस
विंढमगंज, सोनभद्र। विंढमगंज थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत हीराचक स्थित नेशनल हाईवे-39 पर शुक्रवार रात लगभग 9 बजे हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दो व्यक्तियों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर विंढमगंज पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम एवं पहचान की प्रक्रिया के लिए दुद्धी स्थित मोर्चरी हाउस भिजवा दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों युवक बाइक से दुद्धी की ओर आ रहे थे, तभी किसी अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
थाना प्रभारी अपनी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने बताया कि मृतकों की अभी तक पहचान नहीं हो सकी है। पहचान के प्रयास जारी हैं और परिजनों के सामने आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य साक्ष्यों की भी जांच कर रही है।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि हीराचक स्थित नेशनल हाईवे-39 के दोनों किनारों पर खड़े महुआ के बड़े-बड़े पेड़ों के कारण यह स्थान लंबे समय से दुर्घटना संभावित बना हुआ है। उनका आरोप है कि सड़क की दृश्यता प्रभावित होने और पर्याप्त सुरक्षा उपायों के अभाव में यहां आए दिन हादसे होते रहते हैं। ग्रामीणों ने बताया कि इस समस्या को लेकर पहले भी कई बार संबंधित विभाग का ध्यान आकर्षित किया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
ग्रामीणों ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण एवं संबंधित विभाग से हाईवे के इस संवेदनशील हिस्से का तत्काल निरीक्षण कर आवश्यक सुरक्षा उपाय, चेतावनी संकेत, प्रकाश व्यवस्था तथा दुर्घटना रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।



