
दुद्धी पुलिस का बड़ा खुलासा: सरकारी अस्पताल से चोरी हुए 9 मोबाइल और 2 लैपटॉप बरामद, शातिर चोर गिरफ्तार।
सोनभद्र। दुद्धी पुलिस ने सरकारी अस्पताल से मोबाइल फोन और लैपटॉप चोरी की घटना का महज 24 घंटे के भीतर सफल खुलासा करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी के 09 एंड्रॉयड मोबाइल फोन तथा 02 लैपटॉप बरामद किए हैं। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना की जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सरकारी अस्पताल में हुई चोरी की घटना के बाद दुद्धी पुलिस ने तत्काल जांच शुरू कर दी। पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का गहन विश्लेषण किया। साथ ही आधुनिक तकनीक का उपयोग करते हुए Yaksh ऐप की सहायता से संदिग्ध की पहचान सुनिश्चित की गई। जांच के दौरान मिले महत्वपूर्ण सुरागों और मुखबिर की सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने रजखड़ तिराहे के पास घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुन्द्रेश कुमार उर्फ जादूगर उर्फ बमबम, निवासी बीडर, के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर चोरी किए गए सभी 09 एंड्रॉयड मोबाइल फोन और 02 लैपटॉप बरामद कर लिए गए। बरामद सामान को पुलिस ने कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी कोई नया अपराधी नहीं है। उसके विरुद्ध पूर्व से ही चोरी, धोखाधड़ी, एनडीपीएस एक्ट तथा गैंगस्टर एक्ट सहित कई गंभीर आपराधिक मुकदमे विभिन्न थानों में दर्ज हैं। आरोपी के आपराधिक इतिहास को देखते हुए पुलिस उसकी अन्य वारदातों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह किसी संगठित गिरोह से जुड़ा है या नहीं।
दुद्धी पुलिस ने बरामदगी के आधार पर मुकदमे में अन्य संबंधित धाराएं भी बढ़ा दी हैं। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जनपद में अपराध और अपराधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा तथा कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।



