
विंढमगंज पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के वांछित आरोपी को दबोचा, कोर्ट में किया पेश
सोनभद्र। अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत विंढमगंज थाना पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट में वांछित एक अभियुक्त को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद न्यायालय में पेश कर दिया।
पुलिस के अनुसार पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रुणवाल तथा क्षेत्राधिकारी दुद्धी विनय प्रभाकर साहनी के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई। थानाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 10 जुलाई 2026 की रात करीब 9:20 बजे हरनाकछार स्थित दशरथ मोड़ तिराहे से गैंगस्टर एक्ट में वांछित अजय मेहता पुत्र बृजेश्वर, निवासी ग्राम कटौधी, थाना दुद्धी, जनपद सोनभद्र को गिरफ्तार किया।
पुलिस अभिलेखों के अनुसार अभियुक्त के विरुद्ध थाना विंढमगंज में गोवध निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज है। इसके अतिरिक्त उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम, 1986 के अंतर्गत भी उसके खिलाफ मामला पंजीकृत है, जिसके संबंध में वह वांछित चल रहा था।
गिरफ्तारी अभियान में उपनिरीक्षक वीर बहादुर यादव, हेड कांस्टेबल ऐनुल होदा खां तथा हेड कांस्टेबल धीरेंद्र कुमार की सक्रिय भूमिका रही। सोनभद्र पुलिस का कहना है कि जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।



