Homeबड़ी खबरेताजा खबरविद्यालय भवन पर गिरा महुआ का विशाल पेड़, बंद होने से टला...

विद्यालय भवन पर गिरा महुआ का विशाल पेड़, बंद होने से टला बड़ा हादसा

विद्यालय भवन पर गिरा महुआ का विशाल पेड़, बंद होने से टला बड़ा हादसा


विंढमगंज, सोनभद्र। विंढमगंज थाना क्षेत्र के धरती डोलवा स्थित प्राथमिक विद्यालय (द्वितीय) में शनिवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। विद्यालय भवन की छत पर महुआ का एक विशालकाय पेड़ गिर जाने से भवन को नुकसान पहुंचा, लेकिन विद्यालय बंद होने के कारण कोई जनहानि नहीं हुई।
शनिवार सुबह विद्यालय पहुंचीं प्रभारी प्रधानाध्यापिका धनेश्वरी ने भवन की छत पर भारी-भरकम पेड़ गिरा देखा। इसके बाद उन्होंने तत्काल ग्राम प्रधान सुरेंद्र पासवान को सूचना दी और शिक्षा विभाग के संबंधित अधिकारियों को भी घटना की जानकारी दी।
घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने चिंता जताते हुए कहा कि यदि यह पेड़ विद्यालय संचालन के समय गिरता, तो छात्र-छात्राओं और शिक्षकों की जान पर गंभीर खतरा मंडरा सकता था। पेड़ गिरने से विद्यालय भवन की छत को क्षति पहुंची है, जिससे भवन की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं।
विद्यालय प्रशासन ने संबंधित विभाग से मांग की है कि गिरे हुए पेड़ को जल्द से जल्द हटाया जाए तथा विद्यालय परिसर और आसपास मौजूद पुराने एवं जर्जर पेड़ों का सर्वे कर आवश्यक कार्रवाई की जाए। स्थानीय लोगों का भी कहना है कि बरसात के मौसम में ऐसे पेड़ कभी भी दुर्घटना का कारण बन सकते हैं, इसलिए समय रहते सुरक्षा उपाय सुनिश्चित किए जाने चाहिए।

RELATED ARTICLES

Most Popular