Homeबड़ी खबरेताजा खबरवाराणसी में दबंगों का कहर! ग्रामीणों का कुआं और रास्ता किया बंद,...

वाराणसी में दबंगों का कहर! ग्रामीणों का कुआं और रास्ता किया बंद, अधिकारियों पर मिलीभगत का आरोप

वाराणसी में दबंगों का कहर! ग्रामीणों का कुआं और रास्ता किया बंद, अधिकारियों पर मिलीभगत का आरोप


वाराणसी। जनपद वाराणसी के तहसील राजातालाब अंतर्गत ग्राम प्रतापपुर, पोस्ट मिर्जामुराद के ग्रामीणों ने गांव के कुछ लोगों पर जबरन कुआं और सार्वजनिक रास्ता बंद करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़ित परिवारों का कहना है कि गांव के सूरज यादव एवं उनके परिजनों ने बिना किसी वैधानिक आदेश के दिनांक 24 मई 2026 को जेसीबी मशीन लगाकर वर्षों पुराने कुएं और आवागमन के रास्ते पर कब्जा कर उसे बंद कर दिया।
ग्रामीणों का आरोप है कि इस दौरान स्थानीय राजस्व एवं पुलिस विभाग के कुछ कर्मचारियों ने भी कथित रूप से दबंग पक्ष का साथ दिया। पीड़ितों का कहना है कि घटना की सूचना 25 मई 2026 को एसीपी राजातालाब अजय श्रीवास्तव को दी गई थी। एसीपी द्वारा थाना मिर्जामुराद को लिखित निर्देश देकर आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई तथा जेसीबी मशीन को सीज करने के आदेश दिए गए थे, लेकिन एक माह से अधिक समय बीत जाने के बावजूद कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।
पीड़ित परिवारों का कहना है कि रास्ता बंद होने से उनके आने-जाने में भारी परेशानी हो रही है, जबकि कुआं बंद किए जाने के कारण पीने के पानी का भी गंभीर संकट खड़ा हो गया है। मजबूरी में ग्रामीणों को दूसरे लोगों के घरों से होकर आना-जाना पड़ रहा है तथा पानी के लिए भी दूसरों पर निर्भर रहना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने जिलाधिकारी, उपजिलाधिकारी राजातालाब तथा मुख्यमंत्री कार्यालय तक अपनी शिकायत पहुंचाई है, लेकिन अब तक न तो रास्ता खुलवाया गया है और न ही कुएं की व्यवस्था बहाल कराई गई है।
पीड़ित परिवारों ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर रास्ता खुलवाने, कुएं को पुनः चालू कराने तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि शीघ्र न्याय नहीं मिला तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

RELATED ARTICLES

Most Popular