Homeबड़ी खबरेताजा खबरसत्य की जीत: आईजीआरएस शिकायत के बाद हत्या मामले में दर्ज हुई...

सत्य की जीत: आईजीआरएस शिकायत के बाद हत्या मामले में दर्ज हुई एफआईआर, 7 आरोपियों पर मुकदमा

सत्य की जीत: आईजीआरएस शिकायत के बाद हत्या मामले में दर्ज हुई एफआईआर, 7 आरोपियों पर मुकदमा


कोन (सोनभद्र)। विकासखंड कोन के ग्राम पंचायत पीपरखाड़ टोला शिवदामर में बकरी चराने को लेकर हुए विवाद में श्याम बिहारी उरांव की मौत के मामले ने नया मोड़ ले लिया है। न्याय की मांग को लेकर लगातार उठ रही आवाज और आईजीआरएस पोर्टल पर की गई शिकायत के बाद आखिरकार पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। क्षेत्र में इसे पीड़ित परिवार की सच्चाई और संघर्ष की जीत के रूप में देखा जा रहा है।


पुलिस द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, दिनांक 11 जून 2026 को आईजीआरएस प्रार्थना पत्र के निस्तारण के क्रम में थाना कोन पर वादिनी फूलमती पत्नी स्वर्गीय श्याम बिहारी उरांव, निवासी पीपरखाड़ टोला शिवदामर, थाना कोन, जनपद सोनभद्र की लिखित तहरीर के आधार पर मु0अ0सं0 108/2026 दर्ज किया गया। मुकदमा धारा 191(2), 105, 352, 351(3) बीएनएस तथा 3(1)(द), 3(1)(ध) एवं 3(2)(V) एससी/एसटी एक्ट के तहत पंजीकृत किया गया है।


एफआईआर में सुखाड़ी यादव पुत्र स्वर्गीय खुर्धन यादव सहित कुल 7 नामजद आरोपियों को अभियुक्त बनाया गया है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि 5 जून की शाम बकरी खेत में चले जाने को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद मारपीट में श्याम बिहारी उरांव गंभीर रूप से घायल हो गए और बाद में उनकी मृत्यु हो गई।
पुलिस के अनुसार मामले की विवेचना क्षेत्राधिकारी ओबरा के निर्देशन में की जा रही है। मुकदमा दर्ज होने के बाद पीड़ित परिवार और ग्रामीणों में न्याय की उम्मीद जगी है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते शिकायत पर संज्ञान लिया जाता तो शायद मामला इतना न बढ़ता, लेकिन अब कानून ने अपना काम शुरू कर दिया है।


यह मामला इस बात का उदाहरण बनकर सामने आया है कि संघर्ष लंबा जरूर हो सकता है, लेकिन जब सच्चाई के साथ आवाज उठाई जाती है तो अंततः न्याय की राह खुलती है। अब पूरे क्षेत्र की नजर पुलिस जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई पर टिकी हुई है।

RELATED ARTICLES

Most Popular