
स्टे वायर में उतरे करंट से दो मवेशियों की मौत, किसान को ₹20 हजार का नुकसान।
विंढमगंज (सोनभद्र)। थाना क्षेत्र विंढमगंज अंतर्गत ग्राम पंचायत धोरपा के पूर्वी टोला में बीती रात विद्युत विभाग की कथित लापरवाही के चलते एक किसान के दो मवेशियों की करंट लगने से मौत हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है और विभाग के प्रति नाराजगी बढ़ गई है।
जानकारी के अनुसार, धोरपा निवासी सुखलाल यादव पुत्र फजीहत यादव ने अपने घर के समीप मवेशियों को बांध रखा था। वहीं बिजली के खंभे को सहारा देने के लिए लगाया गया स्टे वायर भी मौजूद था। आरोप है कि किसी कारणवश स्टे वायर में करंट प्रवाहित हो गया, जिसकी चपेट में आने से दोनों मवेशियों की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना से किसान को लगभग 20 हजार रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है।
घटना की सूचना मिलने पर क्षेत्र पंचायत सदस्य दिलीप गुप्ता मौके पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में विद्युत विभाग की लापरवाही के कारण ऐसी घटनाएं बार-बार सामने आ रही हैं। उनका आरोप है कि लगभग दस माह पूर्व भी जर्जर विद्युत तार टूटकर गिरने से एक व्यक्ति की जान चली गई थी। इसके बाद ग्रामीणों द्वारा संबंधित अधिकारियों एवं जिला प्रशासन से पुराने और जर्जर विद्युत तारों तथा लोहे के खंभों को बदलने की मांग की गई थी।
उन्होंने बताया कि अधिकारियों द्वारा आश्वासन तो दिया गया, लेकिन आज तक न तो जर्जर तार बदले गए और न ही पुराने खंभों को हटाया गया। परिणामस्वरूप एक बार फिर करंट की चपेट में आकर दो बेजुबान मवेशियों की जान चली गई।
मवेशियों की मौत की सूचना क्षेत्रीय लेखपाल को दे दी गई है, ताकि पीड़ित किसान को सरकारी सहायता दिलाई जा सके। वहीं ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही जर्जर विद्युत व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो वे बिजली विभाग के खिलाफ आंदोलन करने को बाध्य होंगे। ग्रामीणों का कहना है कि विभाग किसी बड़ी दुर्घटना के बाद ही जागता है, जबकि समय रहते सुधार कार्य किए जाने चाहिए।



