Homeबड़ी खबरेताजा खबरएक हफ्ते से अंधेरे में कोलिन्डूबा गांव, बिजली विभाग की लापरवाही से...

एक हफ्ते से अंधेरे में कोलिन्डूबा गांव, बिजली विभाग की लापरवाही से ग्रामीण त्रस्त ।

एक हफ्ते से अंधेरे में कोलिन्डूबा गांव, बिजली विभाग की लापरवाही से ग्रामीण त्रस्त ।


जनपद सोनभद्र के विकासखंड दुद्धी अंतर्गत ग्राम पंचायत कोलिन्डूबा में देवी धाम के पास लगा 100 केवी का ट्रांसफार्मर पिछले एक सप्ताह से खराब पड़ा हुआ है। इसके कारण पूरे गांव में बिजली व्यवस्था चरमरा गई है और ग्रामीण अंधेरे में जीवन बिताने को मजबूर हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि बिजली विभाग के संविदा कर्मचारी और संबंधित अधिकारी शिकायत के बावजूद समस्या का समाधान करने में गंभीरता नहीं दिखा रहे हैं।
बताया जा रहा है कि 30 अप्रैल को आए तेज आंधी-तूफान के बाद ट्रांसफार्मर में फॉल्ट आ गया था। तब से बिजली सप्लाई नाम मात्र की मिल रही है। स्थिति यह है कि घरों में बल्ब तक नहीं जल पा रहे हैं और मोबाइल चार्ज करने तक में दिक्कत हो रही है। भीषण गर्मी में छोटे बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं सबसे ज्यादा परेशान हैं।
ग्रामीण जितेन्द्र भारती ने बताया कि कई बार बिजली विभाग के संविदा कर्मचारियों को सूचना दी गई, लेकिन वे केवल देखकर वापस चले गए और हर बार सिर्फ आश्वासन ही मिला। कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। वहीं मुस्लिम बस्ती निवासी अब्दुल हकीम ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि ट्रांसफार्मर ठीक करने या बदलने के नाम पर ₹3000 की मांग की गई। ग्रामीणों ने किसी तरह ₹500 इकट्ठा भी किए, लेकिन उसके बाद भी न पैसा लिया गया और न ही ट्रांसफार्मर ठीक किया गया।
ग्रामीणों में बिजली विभाग के प्रति भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। लोगों का कहना है कि समय से बिजली बिल जमा करने के बावजूद यदि उन्हें मूलभूत सुविधा नहीं मिल रही है तो यह विभागीय लापरवाही और भ्रष्टाचार का बड़ा उदाहरण है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन और प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।

RELATED ARTICLES

Most Popular