
विंढमगंज–कोन मार्ग निर्माण में अनियमितताएं, धूल और खराब गुणवत्ता से जनता परेशान
विंढमगंज से कोन (सोनभद्र) तक लगभग 22 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण कार्य इन दिनों जारी है, लेकिन इस कार्य में कई गंभीर अनियमितताएं सामने आ रही हैं। निर्माण के दौरान गुणवत्ता मानकों का पालन नहीं किया जा रहा है, जिससे स्थानीय लोगों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क पर दिनभर धूल का गुबार उड़ता रहता है, जिससे आसपास के ग्रामीणों को सांस लेने में कठिनाई हो रही है और दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ गया है।

सबसे बड़ी लापरवाही यह देखी जा रही है कि निर्माण स्थल पर पानी का छिड़काव नहीं किया जा रहा है, जबकि धूल नियंत्रण के लिए यह आवश्यक होता है। इसके अलावा, सड़क पर बिछाई जा रही गिट्टी सही तरीके से दबाई नहीं जा रही, जिससे गिट्टी उछलकर वाहनों को नुकसान पहुंचा रही है और राहगीरों के लिए खतरा बनी हुई है।

कई स्थानों पर सड़क ऊबड़-खाबड़ है, जिससे वाहन चालकों को असुविधा के साथ-साथ हादसे का डर भी बना रहता है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि ठेकेदार द्वारा लापरवाही बरती जा रही है और संबंधित विभाग भी इस पर ध्यान नहीं दे रहा है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि निर्माण कार्य की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि सड़क का निर्माण सही गुणवत्ता के साथ पूरा हो सके और आम जनता को राहत मिल सके।




