Homeबड़ी खबरेताजा खबरविंढमगंज–कोन मार्ग निर्माण पर उठे सवाल: घटिया कार्य से ग्रामीणों में आक्रोश।

विंढमगंज–कोन मार्ग निर्माण पर उठे सवाल: घटिया कार्य से ग्रामीणों में आक्रोश।

विंढमगंज–कोन मार्ग निर्माण पर उठे सवाल: घटिया कार्य से ग्रामीणों में आक्रोश।

सोनभद्र जनपद के विंढमगंज–कोन मार्ग पर लंबे समय से प्रतीक्षित सड़क निर्माण कार्य आखिरकार शुरू तो हो गया है, लेकिन इसके साथ ही गुणवत्ता को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। करीब पांच वर्षों से इस मार्ग की खराब स्थिति के कारण राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। इस मुद्दे को ग्रामीणों ने कई बार सोशल मीडिया और पत्राचार के माध्यम से उठाया, जिसके बाद अब निर्माण कार्य प्रारंभ हुआ है।
लेकिन निर्माण की शुरुआत के साथ ही ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पीडब्ल्यूडी के तहत कार्य कर रहे ठेकेदार द्वारा सड़क निर्माण में मानकों की अनदेखी की जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि पुरानी काली पिच (डामर) को हटाए बिना उसके ऊपर ही सोलिंग डालकर सड़क बनाई जा रही है, जिससे सड़क की मजबूती पर सवाल उठता है।
ग्रामीणों ने बताया कि यदि सड़क निर्माण में सही गुणवत्ता का पालन नहीं किया गया, तो यह सड़क जल्द ही खराब हो जाएगी और उन्हें फिर से वही समस्याएं झेलनी पड़ेंगी। उनका कहना है कि सड़क निर्माण के दौरान उचित रोलर से दबाव, पर्याप्त पानी का उपयोग और सही तरीके से कुटाई (कम्पैक्शन) बेहद जरूरी है, तभी सड़क टिकाऊ बन सकती है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस सड़क निर्माण कार्य की गुणवत्ता की निष्पक्ष जांच कराई जाए और दोषी अधिकारियों व ठेकेदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। उनका कहना है कि यदि समय रहते ध्यान नहीं दिया गया, तो इससे आम जनता के साथ-साथ सरकार की छवि भी प्रभावित होगी।
ग्रामीणों ने सरकार से अपील की है कि सड़क निर्माण कार्य को निर्धारित मानकों के अनुसार पूरा कराया जाए, ताकि आने-जाने वाले लोगों को भविष्य में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े और विकास कार्यों पर जनता का भरोसा बना रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular