
घिवही में होली मिलन समारोह बना एकता का प्रतीक, पूर्व प्रधान ने सेवा और विकास का दिया संदेश।
रेघडा शिव मंदिर परिसर में गुलाल, भजन-कीर्तन के बीच दिखा जनसमर्थन, पंचायत चुनाव की हलचल तेज।
सोनभद्र जनपद के ग्राम पंचायत घिवही अंतर्गत रेघडा शिव मंदिर परिसर में बुधवार, 18 मार्च को दोपहर लगभग 3 बजे होली मिलन समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस आयोजन का नेतृत्व पूर्व ग्राम प्रधान रामनारायण शर्मा द्वारा किया गया, जिसमें क्षेत्र के सम्मानित ग्रामीणों की भारी उपस्थिति देखने को मिली।कार्यक्रम के दौरान सभी ग्रामीणों ने एक-दूसरे को लाल गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और आपसी भाईचारे का परिचय दिया। पूरा मंदिर परिसर रंग और उल्लास से सराबोर नजर आया। इसके साथ ही सभी लोग बाबा भोलेनाथ के मंदिर में एकत्र होकर भजन-कीर्तन में शामिल हुए और भगवान शिव को प्रसन्न करते हुए कार्यक्रम को शांतिपूर्वक संपन्न किया गया।इस अवसर पर पूर्व ग्राम प्रधान रामनारायण शर्मा ने कहा कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी होली का त्योहार पूरे हर्षोल्लास और आपसी सहयोग के साथ मनाया गया। उन्होंने कहा कि वे हमेशा से ग्रामीणों की सेवा में तत्पर रहे हैं और आगे भी इसी भावना के साथ कार्य करते रहेंगे। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि उन्हें सेवा का अवसर अवश्य दें, ताकि पंचायत का समग्र विकास निरंतर होता रहे।कार्यक्रम में मंदिर समिति के अध्यक्ष राम केवल कुशवाहा, कालेश्वर यादव, उमाशंकर शर्मा, पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य प्रतिनिधि राजेंद्र प्रसाद कुशवाहा (एडवोकेट), गिरवर यादव सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने इस आयोजन को सामाजिक सौहार्द और एकता का प्रतीक बताया।होली मिलन समारोह के बहाने गांव में राजनीतिक सरगर्मी भी देखने को मिली। पूर्व प्रधान के नेतृत्व और सक्रियता को देखते हुए यह माना जा रहा है कि आगामी पंचायत चुनाव को लेकर माहौल बनना शुरू हो गया है। ग्रामीणों के बीच बढ़ता जुड़ाव और जनसमर्थन इस बात का संकेत दे रहा है कि आने वाले समय में पंचायत चुनाव दिलचस्प हो सकता है।इस आयोजन ने न सिर्फ त्योहार की खुशियों को साझा किया, बल्कि गांव के विकास और नेतृत्व को लेकर एक नई चर्चा भी शुरू कर दी



