Homeबड़ी खबरेताजा खबरसरकारी चापाकल पर निजी समरसेबल! कहारी मोहल्ला में ग्रामीणों का फूटा गुस्सा,...

सरकारी चापाकल पर निजी समरसेबल! कहारी मोहल्ला में ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग।

सरकारी चापाकल पर निजी समरसेबल! कहारी मोहल्ला में ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग।

विकासखंड दुद्धी के अंतर्गत ग्राम पंचायत सलैयाडिह के कहारी मोहल्ला में सरकारी चापाकल के दुरुपयोग का मामला सामने आने से ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया है। आरोप है कि कहारी मोहल्ला में लाइन किनारे स्थित सरकारी चापाकल, जो राजकुमार यादव के घर के पास लगा है, उसमें राजकुमार यादव द्वारा निजी समरसेबल डाल दिया गया है। इस घटना को लेकर क्षेत्र के लोगों में नाराजगी देखी जा रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि यह चापाकल लगभग 6-7 महीनों से इसी तरह उपयोग किया जा रहा है। इस चापाकल से दर्जनों परिवारों को पीने का पानी मिलता है और आसपास के लोग इसी पर निर्भर हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि सरकारी चापाकल में निजी समरसेबल डालने से बोर खराब होने का खतरा बढ़ गया है। यदि चापाकल खराब हो गया तो क्षेत्र के लोगों के सामने पेयजल का गंभीर संकट खड़ा हो सकता है।
ग्रामीणों ने बताया कि सरकारी संसाधन का इस तरह निजी उपयोग किया जाना नियमों के खिलाफ है और इससे आम जनता को नुकसान हो रहा है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इस मामले में कार्रवाई नहीं हुई तो पूरे मोहल्ले के लोगों को पानी के लिए भटकना पड़ सकता है।
इस मामले को लेकर जब ग्राम पंचायत के सेक्रेटरी सुनील कुमार श्रीवास्तव से बात की गई तो उन्होंने कहा कि मामले की जानकारी उन्हें दी गई है और वह इस पर तुरंत कार्रवाई करेंगे। उन्होंने बताया कि कल ही चापाकल से समरसेबल निकलवाने की प्रक्रिया शुरू कराई जाएगी और ग्राम प्रधान को भी इस संबंध में अवगत कराया जा रहा है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा न हो और आमजन को किसी प्रकार की क्षति न पहुंचे।
ग्रामीणों ने दुद्धी विकासखंड प्रशासन से मांग की है कि पूरे क्षेत्र के सरकारी चापाकलों और विकास कार्यों की नियमित निगरानी कराई जाए। साथ ही ग्राम प्रधान, ग्राम विकास अधिकारी और संबंधित विभागों को सख्त निर्देश दिए जाएं कि भारत सरकार की योजनाओं और सुविधाओं का लाभ सही मायनों में आम जनता तक पहुंचे और किसी भी सरकारी संसाधन का निजी उपयोग न होने पाए।

RELATED ARTICLES

Most Popular