
घिवही–जोरूखाड़ बॉर्डर पर फिर हादसा: सकरी सड़क और तेज रफ्तार ने ली दो जिंदगियों को खतरे में डाला।
लगातार दुर्घटनाओं से दहला विण्ढमगंज क्षेत्र, नेशनल हाईवे पर अवैध व ओवरलोड वाहनों पर सख्ती की उठी मांग
विण्ढमगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत घिवही और जोरूखाड़ बॉर्डर स्थित सेठ शिव मंदिर के पास एक बार फिर सड़क हादसे ने लोगों को झकझोर कर रख दिया। 1 मार्च 2026, दिन रविवार शाम लगभग 6:00 बजे नए चेचिस ट्रक और मोटरसाइकिल के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार दो व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि घायलों में एक व्यक्ति अपने ससुराल आया हुआ था और किसी कार्य से लौटते समय यह दुर्घटना हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही विण्ढमगंज थाना पुलिस और 112 डायल टीम मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और यातायात सुचारु कराया।
गौरतलब है कि इसी स्थान पर 28 फरवरी 2026 को सुबह लगभग 6:00 बजे ट्रेलर और ट्रक के बीच भी जोरदार टक्कर हुई थी। लगातार दो दिनों में हुए इन हादसों ने सड़क की खामियों और यातायात व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क अत्यंत सकरी है और किनारे खड़े पेड़ों की वजह से बड़े वाहन एक-दूसरे को समय से देख नहीं पाते, जिससे आमने-सामने की टक्कर की आशंका बनी रहती है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि नेशनल हाईवे पर अवैध रूप से चल रहे ओवरलोड और बिना फिटनेस वाले वाहनों पर सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही सड़क चौड़ीकरण, पेड़ों की छंटाई, स्पीड कंट्रोल और नियमित पुलिस पेट्रोलिंग सुनिश्चित की जाए। यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में और भी गंभीर हादसे हो सकते हैं।
सड़क सुरक्षा नियमों का पालन केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि जीवन की सुरक्षा का मूल आधार है। प्रशासन और जनता दोनों की जिम्मेदारी है कि नियमों का पालन कर क्षेत्र को सुरक्षित बनाया जाए।



