Homeबड़ी खबरेताजा खबरकर्तव्यों में लापरवाही पर पुलिस महकमे में भूचाल, सीमावर्ती विण्ढमगंज थाने पर...

कर्तव्यों में लापरवाही पर पुलिस महकमे में भूचाल, सीमावर्ती विण्ढमगंज थाने पर गिरी गाज।

एसपी अभिषेक वर्मा का बड़ा एक्शन, विण्ढमगंज समेत चार थाना प्रभारी लाइनहाजिर।

कर्तव्यों में लापरवाही पर पुलिस महकमे में भूचाल, सीमावर्ती विण्ढमगंज थाने पर गिरी गाज।

जनपद सोनभद्र में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई करते हुए चार थाना प्रभारियों को तत्काल प्रभाव से लाइनहाजिर कर दिया है। इस कार्रवाई में विण्ढमगंज थाना प्रभारी चंद्रशेखर सिंह सहित रॉबर्ट्सगंज, बभनी और शाहगंज थाना प्रभारी शामिल हैं। आदेश जारी होते ही जिले के पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और संबंधित थाना क्षेत्रों में प्रशासनिक हलचल तेज हो गई।
सूत्रों के अनुसार, इन थानों की कार्यप्रणाली को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थीं। जनप्रतिनिधियों, ग्राम प्रधानों, मीडिया एवं आम जनता द्वारा भी असंतोष जताया जा रहा था। इन्हीं शिकायतों और हालिया प्रशासनिक समीक्षा को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक ने यह सख्त कदम उठाया। हालांकि, लाइनहाजिर किए जाने के स्पष्ट कारणों को लेकर अभी तक कोई विस्तृत आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
विण्ढमगंज थाना उत्तर प्रदेश–झारखंड की सीमा पर स्थित होने के कारण अत्यंत संवेदनशील माना जाता है। सीमावर्ती क्षेत्र होने के चलते यहां अवैध आवागमन, तस्करी और गैरकानूनी गतिविधियों का खतरा बना रहता है। ऐसे महत्वपूर्ण क्षेत्र में लापरवाही को पुलिस प्रशासन ने गंभीर माना है। इस कार्रवाई को विभाग में अनुशासन, जवाबदेही और सक्रिय पुलिसिंग के संदेश के रूप में देखा जा रहा है।
थाना प्रभारी के लाइनहाजिर होने की खबर फैलते ही पूरे क्षेत्र में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया। आम जनता इस फैसले को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रही है। कई लोगों ने इसे सराहनीय कदम बताया है और उम्मीद जताई है कि इससे कानून-व्यवस्था में सुधार होगा।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने स्पष्ट संदेश दिया है कि कर्तव्यों के प्रति किसी भी स्तर की लापरवाही, शिथिलता या उदासीनता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। फिलहाल, विभागीय स्तर पर आगे की कार्रवाई और नए थाना प्रभारियों की तैनाती को लेकर प्रतीक्षा की जा रही है।

RELATED ARTICLES

Most Popular