Homeबड़ी खबरेताजा खबरनववर्ष पर मानवता की मिसाल बनी श्री मनोकामना सिद्ध हनुमान जी सेवा...

नववर्ष पर मानवता की मिसाल बनी श्री मनोकामना सिद्ध हनुमान जी सेवा समिति, 100 जरूरतमंदों को कंबल वितरण

नववर्ष पर मानवता की मिसाल बनी श्री मनोकामना सिद्ध हनुमान जी सेवा समिति, 100 जरूरतमंदों को कंबल वितरण

ग्राम पंचायत अहीरबुड़वा, विकासखंड म्योंरपुर के अंतर्गत श्री मनोकामना सिद्ध हनुमान जी सेवा समिति द्वारा नववर्ष के पावन अवसर पर समाजसेवा का एक अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया गया। कड़ाके की ठंड को देखते हुए समिति ने क्षेत्र के जरूरतमंद, बुजुर्ग, विधवा एवं असहाय लोगों को 100 पीस कंबल का वितरण कर संवेदनशीलता और मानवीय सरोकार का परिचय दिया। यह पुनीत कार्य न केवल ठंड से राहत देने वाला रहा, बल्कि समाज में सेवा, सहयोग और भाईचारे का संदेश भी लेकर आया।


कंबल वितरण कार्यक्रम मंदिर परिसर में सादगी एवं गरिमा के साथ संपन्न हुआ। कंबल प्राप्त कर लाभार्थियों के चेहरों पर संतोष और राहत की मुस्कान देखने को मिली। बुजुर्गों, विधवाओं एवं असहायों ने समिति के सदस्यों को हृदय से आशीर्वाद दिया और कामना की कि श्री मनोकामना सिद्ध हनुमान जी की कृपा से समिति भविष्य में भी इसी प्रकार निस्वार्थ भाव से सामाजिक कार्य करती रहे, ताकि जरूरतमंदों को बार-बार सहायता मिलती रहे।
इस अवसर पर मंदिर समिति के अध्यक्ष श्री राजेश सिंह देहाती ने कहा कि समाज के कमजोर और अंतिम व्यक्ति की सेवा ही सच्ची भक्ति है। उन्होंने बताया कि श्री मनोकामना सिद्ध हनुमान जी सेवा समिति का उद्देश्य केवल धार्मिक गतिविधियों तक सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए गरीब एवं असहाय वर्ग के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाना भी है।
कार्यक्रम में कोषाध्यक्ष रामप्यारे ब्यास जी एवं सह-कोषाध्यक्ष संजय यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इसके अलावा सुरेश भारती, बिंध्याचल भारती, हरिओम साहू, श्रवण यादव, जगपत यादव, अविनाश यादव, महेंद्र (बीडीसी), रामजन्म, बिहारीलाल यादव, राजाराम मरावी तथा देवनारायण धारीकर जी सहित मंदिर समिति के कई सक्रिय सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर सेवा कार्य को सफल और प्रभावशाली बनाया।
क्षेत्रवासियों ने श्री मनोकामना सिद्ध हनुमान जी सेवा समिति के इस सराहनीय कार्य की मुक्तकंठ से प्रशंसा की और उम्मीद जताई कि समिति आगे भी शिक्षा, स्वास्थ्य एवं सामाजिक सरोकारों से जुड़े ऐसे ही कार्य करती रहेगी। निस्संदेह, यह आयोजन विकासखंड म्योंरपुर में समिति के नाम को और अधिक रोशन करने वाला साबित हुआ।
नववर्ष पर आपके सपरिवार को हार्दिक शुभकामनाएं।

दुद्धी तहसील से — जितेन्द्र प्रसाद
भारत दृष्टि लाइव न्यूज

RELATED ARTICLES

Most Popular