
कोन सोनभद्र/स्थानीय थाना क्षेत्र कोन के अंतर्गत ग्राम पंचायत कुड़वा मोड़ के पास मंगलवार दोपहर लगभग 1:00 बजे एक बड़ा सड़क हादसा होने से क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मिली जानकारी के अनुसार विंढमगंज से करहिया की ओर जा रही बोलेरो (UP64W9565) सोनू मोटर वाइंडिंग दुकान से लगभग 500 मीटर दक्षिण दिशा में पहुंचते ही अनियंत्रित होकर पलट गई। बताया जाता है कि वाहन में 7 लोग सवार थे, जिनमें से दो यात्रियों को गंभीर चोटें आई हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यह दुर्घटना कोन–विंढमगंज मार्ग की खराब हालत के कारण हुई है। सड़क पर जगह-जगह बने गड्ढों और टूटे हिस्सों की वजह से वाहन अचानक असंतुलित हो गया, जिससे बोलेरो पलट कर सड़क किनारे जा गिरी। हादसे के तुरंत बाद आसपास मौजूद ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर घायलों को बाहर निकाला और सहायता प्रदान की।
ग्रामीणों की सूचना पर कोन थाना प्रभारी और पुलिस की 112 टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस व ग्रामीणों की मदद से घायलों को एंबुलेंस द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, कोन भेजा गया, जहां उनका इलाज किया जा रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर लगातार सड़क की स्थिति बिगड़ती जा रही है, लेकिन अब तक शासन–प्रशासन, आलाधिकारी और जनप्रतिनिधियों ने इस समस्या पर कोई गंभीर पहल नहीं की है। सड़क की खस्ताहाल हालत के कारण इस क्षेत्र में लगातार दुर्घटनाएं बढ़ रही हैं, जिससे आम लोगों में भय और असुरक्षा की भावना गहरी होती जा रही है।
ग्रामीणों ने कहा कि अगर समय रहते सड़क की मरम्मत नहीं की गई, तो बड़ी दुर्घटना की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने जिला प्रशासन से तत्काल सड़क सुधार कार्य शुरू करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लग सके और क्षेत्र की जनता सुरक्षित महसूस कर सके।
कोन, सोनभद्र से
जितेंद्र प्रसाद गुप्ता की रिपोर्ट
भारत दृष्टि लाइफ न्यूज़



