
कोलिन्डुबा में संदिग्ध परिस्थिति में लगी आग, किसान मुन्नालाल विश्वकर्मा का 200 बोझा धान जलकर राख।
विंढमगंज (सोनभद्र)।
स्थानीय थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत कोलिन्डुबा में आज दिनांक 8 नवंबर 2025, दिन शनिवार को दोपहर लगभग 3:00 बजे संदिग्ध परिस्थिति में आग लगने से किसान मुन्नालाल विश्वकर्मा का लगभग 200 बोझा धान जलकर राख हो गया।
घटनास्थल पर मौजूद ग्रामीणों के अनुसार, आग लगने की घटना मुन्नालाल विश्वकर्मा पुत्र बनारसी विश्वकर्मा, निवासी हरनाकछार, की पुश्तैनी जमीन में हुई। यह जमीन लगभग दो बीघा क्षेत्रफल में स्थित है। बताया जा रहा है कि इस बार उनकी फसल को पहले खरपतवार और बारिश से नुकसान पहुँचा था, और अब आग लगने से बची-खुची फसल भी पूरी तरह नष्ट हो गई।
किसान मुन्नालाल विश्वकर्मा ने अपना दुख व्यक्त करते हुए बताया कि अब उनके पास अन्न का एक दाना भी नहीं बचा। उन्होंने तत्काल इसकी सूचना ग्राम प्रधान प्रतिनिधि निरंजन सोनी को दी।
सूचना मिलते ही निरंजन सोनी मौके पर पहुँचे और पीड़ित किसान को सांत्वना देते हुए कहा कि,
शासन-प्रशासन द्वारा हर संभव मदद दिलाने का प्रयास किया जाएगा।”
ग्रामीणों का कहना है कि घटना की जानकारी स्थानीय प्रशासन को दे दी गई है, लेकिन अब देखना यह होगा कि किसान को केवल आश्वासन मिलता है या वास्तविक मुआवज़ा भी मिल पाता है।
संवाददाता – विंढमगंज से जितेन्द्र प्रसाद विशेष रिपोर्ट
(2025 स्थानीय संवाद – सभी अधिकार सुरक्षित)



