
महुली महुआरिया रेलवे स्टेशन पर कोयला चोरी का वीडियो वायरल ।
स्टेशन मास्टर पर गंभीर आरोप।
रेलवे संपत्ति पर चल रहा था ‘काला खेल।
विंढमगंज (सोनभद्र):
विंढमगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले महुली महुआरिया रेलवे स्टेशन से जुड़ा एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे एक वीडियो ने रेलवे प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। वीडियो में स्टेशन परिसर के भीतर खुलेआम कोयले की बोरियां उतारते हुए लोग नजर आ रहे हैं, जबकि मौके पर स्टेशन मास्टर अक्षय कुमार की मौजूदगी भी बताई जा रही है।
ग्रामीणों का आरोप है कि कोयले की यह अवैध निकासी स्टेशन मास्टर के इशारे पर की जा रही थी, और यह कोई नई बात नहीं है। लंबे समय से स्टेशन परिसर में इस तरह की गतिविधियाँ जारी हैं, लेकिन विभागीय मिलीभगत के कारण किसी पर कोई कार्रवाई नहीं की जाती।
वायरल वीडियो में एक महिला और एक युवती को कोयले की बोरी उतारते हुए स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है, जिससे यह जाहिर होता है कि यह काम किसी अचानक घटना का नहीं बल्कि योजनाबद्ध “काले खेल” का हिस्सा है।
ग्रामीणों ने बताया कि रेलवे संपत्ति से कोयले की चोरी की घटनाएँ अक्सर होती रहती हैं, लेकिन इस बार स्टेशन मास्टर का नाम सामने आने से मामला बेहद गंभीर हो गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि इस बार भी मामले को दबाया गया, तो वे आंदोलन के लिए मजबूर होंगे।
वहीं अब तक न तो रेलवे विभाग और न ही स्थानीय पुलिस प्रशासन की ओर से इस वायरल वीडियो पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया दी गई है।
लोगों की निगाहें अब रेलवे के उच्च अधिकारियों पर टिकी हैं कि —
क्या इस बार लापरवाहों पर गिरेगी गाज, या फिर यह मामला भी हमेशा की तरह फाइलों में दबकर रह जाएगा?
रिपोर्ट: जितेंद्र प्रसाद गुप्ता
भारत दृष्टि लाइव न्यूज़ | विण्ढमगंज, सोनभद्र



