
जमीन विवाद में जानलेवा हमला: विंढमगंज के जोरूखाड़ गांव में टांगी से वार, रमेश यादव घायल

विंढमगंज (सोनभद्र)।
थाना क्षेत्र के जोरूखाड़ गांव में शुक्रवार को पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों में कहासुनी के बाद विवाद इतना बढ़ गया कि मारपीट की नौबत आ गई। इस दौरान एक पक्ष के रामधनी पाटीदार (45 वर्ष) पुत्र स्व. तपेश्वर ने अपने ही पट्टीदार रमेश यादव (45 वर्ष) पुत्र स्व. तुलसी पर लकड़ी काटने वाली टांगी से जानलेवा हमला कर दिया।
वार इतना तेज था कि रमेश की गर्दन पर गहरा घाव हो गया और वह खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ा।
घायल रमेश के गले पर लगे पांच टांके — परिजनों ने कहा, “चमत्कार था जो बच गए”
घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने आनन-फानन में घायल रमेश को विंढमगंज के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद गर्दन पर पांच टांके लगाए और फिर दुद्धी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के लिए रेफर कर दिया, जहां उसका इलाज डॉक्टरों की निगरानी में जारी है।
रमेश के बेटे अरुण यादव ने बताया,
24 अक्टूबर को मेरे पापा घर के पास बैठे थे। तभी रामधनी यादव टांगी लेकर पीछे से आया और गर्दन पर वार कर दिया। पापा ने किसी तरह टांगी पकड़ ली, तब तक हम लोग दौड़ते हुए पहुंचे और उन्हें बचाया।”
वीडियो बनाने पर पुलिस ने गाली दी और दौड़ाया
अरुण ने आगे बताया,
“हमने तुरंत 112 नंबर पर फोन किया। पुलिस आई तो हमने पूरी घटना बताई। लेकिन पुलिस वालों ने थाने चलने को कहा। पापा ने घबराकर उनके पैर पकड़ लिए कि पहले इलाज करा दो। तभी परिवार के किसी सदस्य ने वीडियो बनाना शुरू किया, जिस पर सिपाही अभिषेक कुमार ने उसे गाली देते हुए पैर से मारने के लिए दौड़ाया।”
परिवार का आरोप है कि पुलिस ने मौके पर निष्पक्ष कार्रवाई करने के बजाय विपक्षी पक्ष का साथ दिया।
थाना प्रभारी का बयान — दोनों पक्षों पर कार्रवाई, जांच जारी
थाना प्रभारी निरीक्षक चंद्रशेखर सिंह ने बताया,
“दोनों पक्षों में विवाद हुआ था। रामधनी द्वारा रमेश पर टांगी से वार किया गया, जिसमें रमेश घायल हुआ है। उसका मेडिकल कराया गया है और मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी रामधनी को धारा 151 में चालान किया गया है। मामले की विवेचना जारी है।”
जमीन विवाद बना कारण
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, दोनों परिवारों के बीच जमीन को लेकर पिछले 2–3 सालों से विवाद चल रहा था। पहले भी कई बार नोकझोंक की घटनाएं हो चुकी थीं, लेकिन इस बार मामला जानलेवा हमले तक पहुंच गया।
📍 रिपोर्टर: जितेंद्र प्रसाद
📸 स्थान: विंढमगंज



