
विंढमगंज में छठ महापर्व की तैयारी जोरों पर — छठ घाट पर सफाई और साज-सज्जा का कार्य अंतिम चरण में

विंढमगंज (सोनभद्र) | संवाददाता जितेन्द्र प्रसाद
आगामी छठ महापर्व को लेकर विंढमगंज में तैयारियाँ जोरों पर हैं। स्थानीय सन क्लब सोसायटी के अध्यक्ष अभिषेक प्रताप सिंह के नेतृत्व में सैकड़ों लोग दिन-रात विंढमगंज छठ घाट की सफाई और साज-सज्जा में जुटे हुए हैं।

सतत वाहिनी नदी के किनारे स्थित छठ घाट को सुंदर और आकर्षक बनाने के लिए कार्य युद्ध स्तर पर चल रहा है। नदी पर बने चेक डैम पर अस्थायी पुलिया का निर्माण पूरा हो चुका है, जिससे श्रद्धालुओं के आवागमन में सुविधा होगी।

कुछ दिन पूर्व आई बाढ़ के कारण वन विभाग की ओर जाने वाला मार्ग क्षतिग्रस्त हो गया था, जिसका पुनर्निर्माण ग्राम सभा बुटबेड़वा की ओर से कराया जा रहा है। यह कार्य अब अंतिम चरण में है। वहीं, भारतीय इंटर कॉलेज मैदान को समतल करने के लिए जेसीबी मशीनों द्वारा लगातार कार्य किया जा रहा है।

समिति अध्यक्ष अभिषेक प्रताप सिंह के नेतृत्व में सभी तैयारियों की नियमित समीक्षा की जा रही है। आज थाना अध्यक्ष चंद्रशेखर सिंह ने भी छठ घाट का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
गौरतलब है कि विंढमगंज का छठ घाट जिले का सबसे बड़ा छठ आयोजन स्थल माना जाता है, जहाँ कई प्रांतों से हजारों श्रद्धालु हर वर्ष आते हैं। इस बार लगभग 5,000 श्रद्धालुओं की व्यवस्था की जा रही है। श्रद्धालुओं के ठहराव और पूजा व्यवस्था के लिए अनपरा से विशेष टेंट मंगवाकर लगाए जा रहे हैं।
छठ पर्व के दिन लगने वाले भव्य मेले की तैयारी भी शुरू हो चुकी है। स्थानीय लोग अब से ही अपनी दुकानें आवंटित करवाने के लिए पहुँच रहे हैं।
विंढमगंज के लोग इस महापर्व को लेकर उत्साह और आस्था से भरे हुए हैं, और पूरा क्षेत्र भक्ति और सेवा की भावना से सराबोर दिखाई दे रहा है।



