
विण्ढमगंज की बेटी बॉबी रावत ने कोरियोग्राफी में लहराया परचम
सोनभद्र | संवाददाता जितेन्द्र प्रसाद
विण्ढमगंज की प्रतिभाशाली बेटी बॉबी रावत ने कोरियोग्राफी की दुनिया में अपनी अद्भुत प्रतिभा से सोनभद्र का नाम रोशन किया है। उन्होंने बनारस, असम, पीलीभीत, सीरसागंज, प्रयागराज और दिल्ली सहित कई शहरों में भारतनाट्यम और लोकनृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियाँ देकर दर्शकों का दिल जीत लिया।
बॉबी रावत को अब तक कई प्रतिष्ठित मंचों पर सम्मानित किया जा चुका है। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय नृत्य महोत्सव, बनारस में अपनी कला का प्रदर्शन किया, वहीं असम सरकार ने भी उन्हें सम्मानित किया। हाल ही में प्रयागराज के सेंट जोसेफ कॉलेज में आयोजित भव्य कार्यक्रम में उनकी टीम को विशेष सराहना मिली।
भावुक होकर बॉबी रावत ने बताया,
बचपन में ही मेरी मां का निधन हो गया था। मेरी परवरिश नाना-नानी और मामा लोगों ने की। मेरी सफलता का श्रेय मैं अपने नाना जी भगवान रावत को देती हूँ, जिनका आशीर्वाद हमेशा मेरे साथ रहा। मेरी मामी शांति एक्का ने इस सफर में मेरा मार्गदर्शन और सहयोग किया।”
बॉबी की खासियत यह है कि वे लोकनृत्य और शास्त्रीय नृत्य का अद्भुत संगम प्रस्तुत करती हैं, जिससे उनके प्रदर्शन में एक अलग ही आभा झलकती है।
आज विंढमगंज की यह बेटी अपनी मेहनत, लगन और संस्कारों से पूरे जिले ही नहीं, बल्कि देशभर में सोनभद्र का नाम रोशन कर रही है।



