
ग्राम पंचायत गिधिया में वरासत के नाम पर रिश्वत का आरोप, ग्रामीणों ने लगाई न्याय की गुहार
कोन / सोनभद्र:
विकासखंड कोन के अंतर्गत ग्राम पंचायत गिधिया में क्षेत्रीय लेखपाल पर ग्रामीणों ने रिश्वत लेने का गंभीर आरोप लगाया है।
ग्राम पंचायत गिधिया की निवासी सोनझरिया पत्नी शिवनाथ गोड़ ने बताया कि क्षेत्रीय लेखपाल अजय कुमार ने वरासत (खेत की नामांतरण प्रक्रिया) के नाम पर ₹25,000 की मांग की। यह राशि कथित रूप से 3 अक्टूबर 2025 को लेखपाल के दलाल और सहयोगियों के माध्यम से ली गई।
सोनझरिया का कहना है कि रकम देने के बाद भी अब तक उनके वरासत से संबंधित कार्य की कोई कार्रवाई नहीं की गई है। जब भी वे लेखपाल से संपर्क करती हैं, तो वे “आजकल, आजकल” कहकर बात को टाल देते हैं।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि इस लापरवाही और भ्रष्टाचार के कारण उनका कृषि संबंधी कई काम रुका हुआ है, जिससे परिवार को आर्थिक नुकसान हो रहा है।
सोनझरिया सहित ग्रामीणों ने जिलाधिकारी सोनभद्र से मांग की है कि पूरे प्रकरण की जांच कर दोषी लेखपाल अजय कुमार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में आम जनता के साथ इस तरह का अन्याय न हो।
— भारत दृष्टि लाइव न्यूज़, कोन (सोनभद्र)



