
ग्रामीणों की पहल से बन रहा विंढमगंज रेलवे स्टेशन के पास का रास्ता, 10 गांवों को जोड़ेगा झारखंड से
विंढमगंज/दुद्धी (सोनभद्र)।
विकासखंड दुद्धी के अंतर्गत ग्राम पंचायत बुटवेढवा में स्थित विंढमगंज रेलवे स्टेशन के बगल में ग्रामीणों द्वारा अपने सहयोग से रास्ते का निर्माण कार्य किया जा रहा है। यह पहल ग्रामीणों की एकता और जनसहयोग का उत्कृष्ट उदाहरण बन गई है।
जानकारी के अनुसार, इस रास्ते को लेकर पूर्व मध्य रेलवे बोर्ड को कई बार ज्ञापन दिया गया था, लेकिन विभागीय उदासीनता के कारण कार्य शुरू नहीं हो सका। नतीजतन ग्रामीणों ने स्वयं आगे बढ़कर इस रास्ते के निर्माण की जिम्मेदारी अपने हाथों में ले ली। रेलवे स्टेशन के समीप स्थित पुल में कीचड़ भर जाने के कारण आवागमन बाधित था, जिसे ग्रामीणों ने मिलकर साफ किया और अब वहां रास्ता बनाने का कार्य जारी है।
यह रास्ता लगभग 10 गांवों को जोड़ता है और साथ ही यह मार्ग उत्तर प्रदेश व झारखंड को जोड़ने वाला एक महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग भी है।
पूर्व ग्राम प्रधान दीपक कुमार गुप्ता ने बताया कि “हमारे ग्राम पंचायत के सभी लोग एकजुट होकर इस रास्ते को बनाने में लगे हैं। यह कार्य समाज की एकता और सहयोग की मिसाल है। ग्रामीणों की यह भावना सराहनीय और प्रेरणादायक है।”
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि विभाग और प्रशासन इस कार्य में सहयोग करे, तो यह रास्ता आने-जाने वालों के लिए बड़ी राहत साबित होगा।
ग्रामीणों की मेहनत और आपसी एकजुटता से शुरू हुआ यह कार्य अब पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।



