गढ़वा: दिनांक 06 अक्टूबर 2025 को मेराल थाना में पलामू जिले निवासी रूपन चौधरी द्वारा एक लिखित आवेदन दिया गया, जिसमें आरोप लगाया गया कि उसके ससुर ने उसकी पत्नी और नवजात शिशु की हत्या कर शव को छिपा दिया है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक, गढ़वा के निर्देश पर थाना प्रभारी, मेराल के नेतृत्व में तत्काल जांच शुरू की गई। पूछताछ के दौरान अभियुक्त अनिल चौधरी ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि उसने शव को अपने गांव के बछवा टाड़ी स्थित फुलवरिया नदी के किनारे दफना दिया था।

अनुसंधान के तहत दंडाधिकारी, चिकित्सक और वीडियोग्राफर की उपस्थिति में बताए गए स्थान की खुदाई की गई, जहां से राधिका कुमारी और उसके नवजात शिशु के शव बरामद हुए। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स, रांची भेजा गया है।

अभियुक्त की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक टेंपू और कुदाल को भी पुलिस ने जब्त किया है।
घटना के संबंध में मेराल थाना कांड संख्या – 219/25 के तहत मामला दर्ज करते हुए अभियुक्त अनिल चौधरी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।



