


धूमधाम से मनाई गई राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और शास्त्री जी की जयंती
सोनभद्र, 2 अक्टूबर 2025।
हरना कछार स्थित कंपोजिट विद्यालय में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और भारत के पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती बड़े ही हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाई गई।
कार्यक्रम के दौरान ग्राम प्रधान प्रतिनिधि निरंजन सोनी ने कहा कि अहिंसा के पुजारी महात्मा गांधी जिन्हें हम बापू और राष्ट्रपिता के नाम से जानते हैं, भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के महानायक थे। उन्होंने हमेशा देश की आज़ादी और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण के लिए काम किया। बापू ने अपने जीवनकाल में किसी भी राजनीतिक पद को स्वीकार नहीं किया, बल्कि जनसेवा और सत्य-अहिंसा के मार्ग पर चलते हुए समाज को नई दिशा दी।
विद्यालय के प्रधानाचार्य कुलदीप कुमार गुप्ता ने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी को नमन करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में भारत ने 1965 के युद्ध में पाकिस्तान को करारी शिकस्त दी थी। उन्होंने किसानों और सैनिकों का हौसला बढ़ाते हुए “जय जवान, जय किसान” का नारा दिया, जिससे देश की एकता और अखंडता को मजबूती मिली।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान प्रतिनिधि निरंजन सोनी, प्रधानाचार्य कुलदीप कुमार गुप्ता, राकेश कुमार, संपूर्णानंद गुप्ता, लालमणि यादव, धर्मनाथ अगरिया, वार्ड सदस्य राजू भारतीय, मनीष यादव, विनोद कुमार चंद्रवंशी, जितेंद्र प्रसाद, सुनील (सफाई कर्मचारी) सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।



