Homeबड़ी खबरेताजा खबरनवरात्रि पर्व पर विंढमगंज क्षेत्र में उमड़ा श्रद्धालुओं का जनसैलाब

नवरात्रि पर्व पर विंढमगंज क्षेत्र में उमड़ा श्रद्धालुओं का जनसैलाब

नवरात्रि पर्व पर विंढमगंज क्षेत्र में उमड़ा श्रद्धालुओं का जनसैलाब

विंढमगंज (सोनभद्र)।
नवरात्रि का पावन पर्व क्षेत्र में श्रद्धा और आस्था के माहौल में धूमधाम से मनाया जा रहा है। बीती रात विंढमगंज स्थित श्री राम जानकी मंदिर व काली मंदिर परिसर भक्तों से खचाखच भरे रहे। भक्तों ने माता के प्रथम स्वरूप शैलपुत्री की पूजा-अर्चना के साथ भजन-कीर्तन और दिव्य आरती कर धर्ममय वातावरण बना दिया।

श्री राम जानकी मंदिर में ब्रह्मचारी वेद मोहनदास जी महाराज के नेतृत्व में चल रहे नवरात्रि उत्सव में पुजारी हृदयानंद दुबे और नंदलाल तिवारी ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मां शैलपुत्री की विधिवत स्तुति की। वहीं, काली मंदिर में पुजारी मनोज तिवारी के नेतृत्व में श्रद्धालुओं ने माता की आराधना कर आशीर्वाद प्राप्त किया। दोनों ही स्थलों पर सैकड़ों महिला-पुरुष श्रद्धालु मौजूद रहे और पूजा-अर्चना के उपरांत महाप्रसाद ग्रहण किया।

इसी कड़ी में परंपरागत रूप से रामलीला फड़ में भी धार्मिक आयोजन पूरे उत्साह से जारी है। बीती रात बिहार से आए कलाकारों ने भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव का जीवंत मंचन प्रस्तुत किया। जैसे ही राम जन्म का दृश्य मंच पर आया, दर्शक दीर्घा में बैठे सैकड़ों श्रद्धालु “जय श्रीराम” और “जय-जय श्रीराम” के नारों से गूंज उठे, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।

पूरे नवरात्र पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन भी पूरी तरह से मुस्तैद नजर आया। जगह-जगह पुलिस बल तैनात रहा और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए उचित व्यवस्था की गई।

इस प्रकार विंढमगंज क्षेत्र में नवरात्र के पहले दिन से ही भक्ति, उत्साह और परंपराओं का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है

RELATED ARTICLES

Most Popular