भवनाथपुर (गढ़वा): राजनीति अपनी जगह है और कर्तव्य अपनी जगह— इसी भाव को प्रदर्शित करते हुए भवनाथपुर के पूर्व लोकप्रिय विधायक भानु प्रताप शाही बुधवार को रांची स्थित मेडिका अस्पताल पहुँचे। वहाँ उन्होंने भोजपुर गढ़ के राजा और क्षेत्र के युवाओं के चहेते नेता दीपक प्रताप देव से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना।

ज्ञात हो कि कुछ दिनों पूर्व सड़क दुर्घटना में दीपक प्रताप देव गंभीर रूप से चोटिल हो गए थे। उनके चोटिल होने की खबर से पूरे क्षेत्र में चिंता और बेचैनी का माहौल है। समर्थकों और शुभचिंतकों की दुआएँ लगातार उनके स्वस्थ होने के लिए जारी हैं।
अस्पताल पहुँचने के बाद भानु प्रताप शाही ने न केवल उनका हालचाल जाना, बल्कि उनका हौसला भी बढ़ाया। उन्होंने कहा—
“बाबा बंशीधर की असीम कृपा से दीपक प्रताप देव बहुत जल्द स्वस्थ होकर क्षेत्र की जनता के बीच आएंगे और पुनः सक्रिय होकर जनसेवा का कार्यभार संभालेंगे।”
भानु प्रताप शाही के इस कदम को लेकर क्षेत्रवासियों के बीच सकारात्मक संदेश गया है। लोगों का कहना है कि राजनीति में मतभेद अपनी जगह हो सकते हैं, लेकिन मानवीयता और संवेदनशीलता सर्वोपरि है।
गाँव-गाँव से लोग दीपक प्रताप देव के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ के लिए पूजा-पाठ और प्रार्थना कर रहे हैं। समर्थकों ने अस्पताल जाकर भी उनका हालचाल लिया और सोशल मीडिया पर शुभकामनाओं का ताँता लगा हुआ है।



