झारखंड में सबसे कम उम्र की मुखिया सपना कुमारी के लापता होने और फिर रांची से सकुशल बरामद होने के घटनाक्रम में बेरमो एसडीपीओ वशिष्ठ नारायण सिंह ने चौंकाने वाला खुलासा किया है. एसडीपीओ वशिष्ठ नारायण सिंह ने बताया कि घरेलु कलह से परेशान मुखिया सपना कुमारी 2 अक्टूबर को रांची में अपनी सहेली के पास चली गई थी. 2 अक्टूबर को पति आशीष कुमार ने मुखिया सपना कुमारी के लापता होने की प्राथमिकी दर्ज कराई थी. बोकारो एसपी के निर्देश पर एक विशेष टीम ने टेक्निकल इनपुट के आधार पर सपना कुमारी को रांची से सकुशल बरामद कर लिया था.
गौरतलब है कि 2 अक्टूबर को गांधी जयंती कार्यक्रम में शिरकत करने के बाद सपना कुमारी लापता हो गई थीं.
लापता होने से पहले घर में छोड़ा मोबाइल फोन
बताया जाता है कि लापता होने से पहले उन्होंने अपना मोबाइल फोन घर पर ही छोड़ दिया था लेकिन उन्होंने एक अनजान नंबर से रांची में किसी से संपर्क किया था और इसी कॉल के आधार पर पुलिस सपना कुमारी तक पहुंची. गौरतलब है कि सपना कुमारी पलिहारी गुरुडीह पंचायत की मुखिया हैं. उन्होंने सबसे कम उम्र की मुखिया होने का रिकॉर्ड कायम किया था.
सोशल मीडिया पर भी सपना कुमारी काफी एक्टिव हैं और उनके रील्स काफी पसंद किए जाते हैं. लापता होने पर रील्स और भी वायरल हुए.
पलिहारी गुरुडीह पंचायत की मुखिया हैं सपना
मुखिया सपना कुमारी के लापता होने की खबर से पलिहारी गुरुडीह पंचायत में हड़कंप मच गया था. इलाके में तरह-तरह की चर्चा का बाजार गर्म था. लोगों को अनहोनी की आशंका सता रही थी.
हालांकि, पुलिस ने इस केस की गहनता से जांच की औरर 3 दिन के भीतर सपना कुमारी को रांची से सकुशल बरामद कर लिया. पुलिस ने तब इस संबंध में कुछ भी बोलने से इनकार किया था. कहा जा रहा है कि सपना कुमारी अब ठीक हैं और जल्द ही पंचायत में काम पर लौटेंगी. उनकी बरामदगी से लोगों ने राहत की सांस ली है.



