
हाईवे पर 60 लीटर डीजल चोरी, पेट्रोल पंप मालिक-मैनेजर और प्रशासन एक्शन में
सोनभद्र। विंढमगंज क्षेत्र के घिवही में एनएच-39 पर बने वासुदेव पेट्रोल पंप के बगल लाइन होटल पर खड़ी 16 चक्का ट्रक से 60 लीटर डीजल चोरी हो जाने का मामला सामने आया है। इस घटना से स्थानीय ट्रक मालिकों और चालकों में आक्रोश व्याप्त है।
गाड़ी मालिक कमलेश यादव (निवासी कचनारवा) ने बताया कि उनकी गाड़ी (नंबर UP64BT 3717) 29 सितंबर की रात 8:45 बजे वासुदेव पेट्रोल पंप पर खड़ी थी। जीपीएस से अलर्ट मिलने के बाद पता चला कि टंकी से करीब 60 लीटर डीजल गायब है। ड्राइवर मौके पर पहुंचा तो टंकी के नीचे जमीन पर डीजल गिरा हुआ मिला।
पूछताछ में होटल मालिक ने अनजान होने की बात कही। वहीं पेट्रोल पंप के मालिक अशोक कुमार यादव ने बताया कि वे घटना की जानकारी मिलते ही सक्रिय हो गए हैं और पूरी जांच कराई जा रही है। पेट्रोल पंप पर सुरक्षा के लिए गार्ड भी तैनात है, लेकिन इस तरह की घटना होना बेहद गंभीर लापरवाही है।
घटना की सूचना मिलते ही विंढमगंज प्रशासन भी हरकत में आया है। जिम्मेदार अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि मामले की गहन जांच होगी और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही पेट्रोल पंपों पर निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए भी दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
इस घटना ने यह सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर जब पेट्रोल पंप पर गार्ड और सीसीटीवी कैमरे मौजूद हैं, तब भी ट्रकों से डीजल चोरी कैसे हो रही है? अब देखना होगा कि प्रशासन और पेट्रोल पंप प्रबंधन की कार्रवाई से पीड़ित को न्याय कब तक मिलता है।
सोनभद्र से जितेंद्र प्रसाद की रिपोर्ट



