Homeबड़ी खबरेताजा खबरसोनभद्र के दुद्धी ब्लॉक में 14 वर्षीय बच्चे का शव अब तक...

सोनभद्र के दुद्धी ब्लॉक में 14 वर्षीय बच्चे का शव अब तक लापता, ग्रामीणों में आक्रोश और प्रशासन पर सवाल।

सोनभद्र के दुद्धी ब्लॉक में 14 वर्षीय बच्चे का शव अब तक लापता, ग्रामीणों में आक्रोश और प्रशासन पर सवाल

सोनभद्र। दुद्धी विकासखंड के ग्राम पंचायत केवाल में 14 वर्षीय बालक आशीष कुमार यादव के रहस्यमय तरीके से सरकारी बंधा में डूबने की घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है। घटना के बाद से दो दिनों तक स्थानीय पुलिस, प्रशासन और एसडीआरएफ की टीमों ने तलाश अभियान चलाया, लेकिन आश्चर्यजनक रूप से बच्चे का शव अभी तक बरामद नहीं हो पाया। इससे ग्रामीणों में गहरी चिंता और सामाजिक स्तर पर चर्चा का दौर तेज हो गया है।

घटना के बाद विण्ढमगंज थाना प्रभारी चंद्रशेखर सिंह स्वयं मौके पर पहुंचे और खोज अभियान का नेतृत्व किया। अभियान में ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी भी रही। थाना प्रभारी ने बालक के पिता प्रेमचंद यादव और ग्रामीणों की उपस्थिति में बताया कि 48 घंटे की लगातार कोशिशों के बावजूद पानी में कोई निशान नहीं मिला। एसडीआरएफ की टीम ने सुबह 8:30 बजे से शाम 5:00 बजे तक पूरे बांध के हर हिस्से को छान मारा, पानी में उतरकर तलाशी ली, लेकिन सफलता नहीं मिली। अधिकारियों के मुताबिक इस ठंडे मौसम में पानी का तापमान बेहद कम है और संभावना है कि शव दो–तीन दिनों में पानी की सतह पर आ सकता है। इसलिए परिजनों को धैर्य रखने की अपील की गई।

इसी बीच, बालक के पिता प्रेमचंद यादव ने ग्रामीणों के बीच यह कहते हुए सनसनी फैला दी कि वह अपने पुत्र की मौत को लेकर संदेह में हैं। उन्होंने इसे किसी साजिश का परिणाम बताते हुए कहा कि वह अभी खुलासा नहीं कर सकते, लेकिन समय आने पर पूरी सच्चाई सामने रखेंगे। इस बयान ने घटना को और गंभीर बना दिया है और अब ग्रामीणों के बीच चर्चा का विषय यह है कि क्या यह सामान्य डूबने का मामला है या इसके पीछे कोई गहरा रहस्य छिपा है।

ग्रामीणों का कहना है कि सरकारी बांध में इतना पानी था कि एसडीआरएफ ने कोई हिस्सा छोड़ा नहीं। बावजूद इसके शव का न मिलना प्रशासनिक प्रयासों पर सवाल खड़े कर रहा है। स्थानीय सामाजिक संगठनों ने भी मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई है।

फिलहाल पूरा क्षेत्र चिंतित है और प्रशासन से उम्मीद की जा रही है कि आगामी दिनों में सच सामने आएगा तथा परिवार को न्याय मिलेगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular