Homeबड़ी खबरेताजा खबरविंढमगंज रेलवे स्टेशन पर शौचालय सुविधा का अभाव, यात्रियों ने की सुधार...

विंढमगंज रेलवे स्टेशन पर शौचालय सुविधा का अभाव, यात्रियों ने की सुधार की मांग।

विंढमगंज रेलवे स्टेशन पर शौचालय सुविधा का अभाव, यात्रियों ने की सुधार की मांग

विंढमगंज, सोनभद्र।
विंढमगंज रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के लिए बुनियादी सुविधाओं की कमी लंबे समय से चर्चा और चिंता का विषय बनी हुई है। स्टेशन पर शौचालय न होने से महिलाओं, बच्चों और बुजुर्ग यात्रियों को विशेष असुविधा का सामना करना पड़ता है। प्रतिदिन सैकड़ों लोग इस स्टेशन से गुजरते हैं, लेकिन स्वच्छ शौचालय की व्यवस्था न होने के कारण उन्हें मजबूरन खुले में जाने जैसी स्थिति झेलनी पड़ती है, जो न केवल अस्वच्छ है बल्कि स्वास्थ्य के लिए भी खतरा पैदा करती है।

स्थानीय निवासियों ओम रावत, मुन्ना पासवान, सुरेश देहाती, पप्पू, राजेश, संजय, रुक्मणी, सीमा सहित अन्य लोगों ने बताया कि स्टेशन पर शौचालय निर्माण की मांग वर्षों से की जा रही है, लेकिन अभी तक सुनवाई नहीं हुई। यात्रियों की मानें तो यह समस्या बारिश और गर्मी के मौसम में और भी बढ़ जाती है, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी होती है।

लोगों ने यह भी बताया कि प्लेटफॉर्म के कई स्थानों पर टूटा-फूटा फर्श होने के कारण ट्रेन में चढ़ने-उतरने के दौरान फिसलने या चोट लगने की संभावना बनी रहती है। स्टेशन परिसर में बैठने की उचित व्यवस्था, स्वच्छता और प्लेटफॉर्म पर रोशनी की कमी भी यात्रियों की दिक्कतों में इजाफा कर रही है।

यात्रियों एवं ग्रामीणों ने पूर्व मध्य रेलवे प्रशासन से आग्रह किया है कि स्टेशन पर तत्काल शौचालय का निर्माण कराया जाए, मौजूदा प्लेटफॉर्म की मरम्मत की जाए और यात्रियों के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उनका कहना है कि विंढमगंज एक महत्वपूर्ण स्टेशन है, जहां प्रतिदिन छात्र, किसान, मजदूर, व्यापारी तथा महिलाएं यात्रा करती हैं, ऐसे में सुविधा विकसित होना अत्यंत आवश्यक है।

ग्रामीणों ने उम्मीद जताई है कि रेलवे विभाग इस मुद्दे को संज्ञान में लेकर शीघ्र कार्रवाई करेगा, ताकि यात्रियों को सम्मानजनक एवं सुरक्षित यात्रा वातावरण मिल सके।

विंढमगंज, सोनभद्र से — जितेन्द्र प्रसाद गुप्ता
भारत दृष्टि लाइव न्यूज़

RELATED ARTICLES

Most Popular