
रेलवे अंडरपास पर बिना सेफ्टी बेल्ट के ऊंचाई पर काम! हादसे का इंतजार कर रहे जिम्मेदार? सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल।

विंढमगंज (सोनभद्र)। कोन–विंढमगंज मुख्य मार्ग स्थित रेलवे अंडरपास के पास ऊपर शेड पर पेंटिंग का कार्य कराया जा रहा है। आरोप है कि कई मजदूर बिना सेफ्टी बेल्ट, हेलमेट और अन्य आवश्यक सुरक्षा उपकरणों के ऊंचाई पर काम करते दिखाई दे रहे हैं। ऐसे में किसी भी समय बड़ा हादसा होने की आशंका से स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ गई है।
इस संबंध में भारत दृष्टि लाइव न्यूज़ ने रेलवे विभाग के कार्यदायी ठेकेदार ज्ञान प्रकाश राय से मोबाइल फोन पर बातचीत की। ठेकेदार ने बताया कि मजदूरों को कई बार सेफ्टी बेल्ट एवं अन्य सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए गए हैं, लेकिन कुछ मजदूर यह कहकर उनका उपयोग नहीं करते कि इन्हें पहनने से अतिरिक्त वजन महसूस होता है और काम करने में असुविधा होती है।
हालांकि, सुरक्षा विशेषज्ञों के अनुसार कार्यस्थल पर सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना और सुरक्षा नियमों का पालन सुनिश्चित कराना कार्यदायी संस्था और संबंधित अधिकारियों की भी जिम्मेदारी होती है। यदि कोई मजदूर सुरक्षा उपकरण का उपयोग नहीं करता, तो उसे आवश्यक सुरक्षा उपायों के बिना ऊंचाई पर कार्य नहीं कराया जाना चाहिए।
स्थानीय निवासी अभय रंजन ने कहा कि यहां काम कर रहे अधिकांश मजदूर आर्थिक रूप से कमजोर हैं और रोजगार की मजबूरी में जोखिम उठाकर कार्य कर रहे हैं। उनका कहना है कि कम मजदूरी पर बिना पर्याप्त सुरक्षा के कार्य कराना गंभीर लापरवाही है और इससे किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मुद्दे को लेकर पहले भी कई बार खबरें प्रकाशित की जा चुकी हैं, लेकिन अब तक स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ है। लोगों ने रेलवे विभाग, ठेकेदार और संबंधित अधिकारियों से मांग की है कि कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन कराया जाए, सभी मजदूरों के लिए हेलमेट, सेफ्टी बेल्ट और अन्य सुरक्षा उपकरण अनिवार्य किए जाएं तथा बिना सुरक्षा उपकरण के किसी भी मजदूर से ऊंचाई पर कार्य न कराया जाए।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि समय रहते प्रभावी कदम उठाए गए तो किसी संभावित दुर्घटना को टाला जा सकता है। जनहित में सुरक्षा नियमों का पालन सुनिश्चित करना सभी संबंधित पक्षों की साझा जिम्मेदारी है।



