Homeबड़ी खबरेताजा खबरबिरला ओपन माइंड्स इंटरनेशनल स्कूल के विद्यार्थियों ने किया विंढमगंज थाना व...

बिरला ओपन माइंड्स इंटरनेशनल स्कूल के विद्यार्थियों ने किया विंढमगंज थाना व रेलवे स्टेशन का शैक्षणिक भ्रमण, पुलिस कार्यप्रणाली व नागरिक सुरक्षा की मिली प्रत्यक्ष जानकारी।

बिरला ओपन माइंड्स इंटरनेशनल स्कूल के विद्यार्थियों ने किया विंढमगंज थाना व रेलवे स्टेशन का शैक्षणिक भ्रमण, पुलिस कार्यप्रणाली व नागरिक सुरक्षा की मिली प्रत्यक्ष जानकारी

विण्ढमगंज सोनभद्र
श्री बंशीधर नगर (गढ़वा) स्थित बिरला ओपन माइंड्स इंटरनेशनल स्कूल के विद्यार्थियों ने दिनांक 26 दिसंबर 2025 को शैक्षणिक भ्रमण कार्यक्रम के अंतर्गत विण्ढमगंज थाना एवं विण्ढमगंज रलवे स्टेशन का भ्रमण किया। इस शैक्षणिक यात्रा का उद्देश्य विद्यार्थियों को पुस्तकीय ज्ञान से आगे बढ़कर वास्तविक जीवन से जोड़ना तथा उन्हें प्रशासनिक एवं सार्वजनिक सेवाओं की कार्यप्रणाली से प्रत्यक्ष रूप से अवगत कराना था।


थाना भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को पुलिस विभाग की दैनिक कार्यप्रणाली, कानून-व्यवस्था बनाए रखने की प्रक्रिया, नागरिक सुरक्षा, अपराध नियंत्रण एवं जनसेवा से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी गई। विंढमगंज थाना प्रभारी चन्द्रशेखर सिंह एवं उनकी टीम ने विद्यार्थियों को प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज करने की प्रक्रिया, साइबर अपराध से बचाव के उपाय, यातायात नियमों का महत्व तथा अनुशासन की भूमिका को सरल एवं रोचक ढंग से समझाया। विद्यार्थियों ने पुलिस अधिकारियों से प्रश्न पूछे, जिनका उत्तर अधिकारियों ने धैर्यपूर्वक देकर उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया।


रेलवे स्टेशन भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने रेल प्रशासन की कार्यप्रणाली, यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था, टिकट प्रणाली, स्टेशन प्रबंधन एवं अनुशासन के महत्व को समझा। इस दौरान उन्हें यह भी बताया गया कि रेलवे स्टेशन जैसे सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा एवं नियमों का पालन क्यों आवश्यक है। इस अनुभव से विद्यार्थियों में सामाजिक जिम्मेदारी, सतर्कता और अनुशासन की भावना का विकास हुआ।


इस अवसर पर विद्यालय के माननीय प्रधानाचार्य श्री रविश प्रजापति ने कहा कि बिरला ओपन माइंड्स इंटरनेशनल स्कूल में “देखो और करो” के सिद्धांत पर आधारित शिक्षण पद्धति को विशेष महत्व दिया जाता है। पुलिस स्टेशन और रेलवे स्टेशन का यह भ्रमण विद्यार्थियों को कानून के रक्षकों के कार्य से परिचित कराता है और उन्हें भविष्य में जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा देता है।


विद्यालय के चेयरमैन बिरेंद्र सिंह ने कहा कि ऐसे शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों को वास्तविक जीवन की चुनौतियों और जिम्मेदारियों से जोड़ते हैं। पुलिस थाना एवं रेलवे स्टेशन जैसे महत्वपूर्ण संस्थानों का प्रत्यक्ष अवलोकन विद्यार्थियों में कानून के प्रति सम्मान, अनुशासन एवं सकारात्मक सोच को मजबूत करता है। विद्यालय का उद्देश्य केवल अकादमिक शिक्षा तक सीमित नहीं, बल्कि विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास करना है।
वहीं विद्यालय के निदेशक मनीष सिंह एवं सह-निदेशक
युवराज सिंह ने संयुक्त रूप से कहा कि भविष्य में भी इस प्रकार की शैक्षणिक एवं अनुभवात्मक गतिविधियों का नियमित आयोजन किया जाएगा, जिससे विद्यार्थियों का बौद्धिक, सामाजिक एवं नैतिक विकास सुनिश्चित हो सके।
भ्रमण के दौरान विद्यालय के शिक्षकगण रवि शंकर, राज कुमार, सुश्री गार्गी जायसवाल, अनामिका प्रजापति, सुश्री प्राची, अलका, नीतू सिंह तथा विद्यालय की काउंसलर ऋचा सिंह उपस्थित रहीं। सभी शिक्षकों ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते हुए इस शैक्षणिक पहल को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
अंत में विद्यालय प्रबंधन ने पुलिस प्रशासन एवं रेलवे स्टेशन अधीक्षक के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों को जागरूक, जिम्मेदार और अनुशासित नागरिक बनने की दिशा में प्रेरित करते हैं।
विंढमगंज, सोनभद्र से जितेंद्र प्रसाद
भारत दृष्टि लाइव न्यूज

RELATED ARTICLES

Most Popular