
प्रधान संघ का बैठक बहिष्कार, बीडीओ कार्यालय पर धरना, कमीशनखोरी के आरोपों से मचा हड़कंप
दुद्धी, सोनभद्र/विकास खंड दुद्धी परिसर में सोमवार को उस समय भारी गहमागहमी देखने को मिली जब एक ओर ब्लॉक सभागार में क्षेत्र पंचायत की बैठक चल रही थी, वहीं दूसरी ओर ग्राम प्रधान संघ ने बैठक का बहिष्कार करते हुए खंड विकास अधिकारी कार्यालय के सामने धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रधानों ने जमकर नारेबाजी करते हुए प्रशासनिक मनमानी का विरोध किया।

धरने पर बैठे प्रधानों का कहना था कि यह आंदोलन मेदनीखांड ग्राम प्रधान के समर्थन में है तथा पंचायतों के सम्मान, अधिकार और स्वायत्तता की रक्षा के लिए किया जा रहा है। प्रधान संघ ने स्पष्ट किया कि सभी प्रधान एकजुट हैं और किसी भी स्थिति में बैठक में सहभागिता नहीं करेंगे। परिणामस्वरूप किसी भी प्रधान ने कार्रवाई रजिस्टर पर हस्ताक्षर नहीं किया।
धरने के दौरान खंड विकास अधिकारी राम विशाल चौरसिया ने प्रधानों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन प्रधान अपनी मांगों पर अड़े रहे। प्रदर्शन के दौरान “अधिकारी-कर्मचारी की मनमानी नहीं चलेगी” और “पंचायतों का अपमान बंद करो” जैसे नारे गूंजते रहे।
इस बीच धरना-प्रदर्शन के दौरान एक और गंभीर मुद्दा सामने आया। प्रधानों ने आरोप लगाया कि विकास खंड दुद्धी में तैनात कुछ ब्लॉक स्तरीय अधिकारी और कर्मचारी ग्राम पंचायतों में कराए जा रहे विकास कार्यों में 50 प्रतिशत तक कमीशन की मांग कर रहे हैं। आरोप है कि बिना कमीशन दिए कार्यों की फाइलें आगे नहीं बढ़ाई जातीं और भुगतान रोका जाता है। प्रधानों का कहना है कि इसी भ्रष्ट व्यवस्था के चलते पंचायतों की छवि खराब हो रही है और विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
प्रधान संघ ने इस पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग करते हुए कहा कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। धरना-प्रदर्शन में गुंजा कुशवाहा, सीता जायसवाल, त्रिभुवन यादव, दिनेश कुमार यादव, यदुनाथ, सीमा सिंह, सुरेंद्र कुमार, संजय कुमार, संजय कुमार यादव, शिवकुमार यादव, तारा देवी, ज्वाला प्रसाद, राकेश गुप्ता, रामधनी यादव, विद्वान कुमार, गरीब पाल, अब्दुल्लाह अंसारी, जगत नारायण, प्रतिमा देवी, बबिता देवी, अनारकली, कलावती देवी, कलावती देवी, किरण चौबे, प्रभावती देवी, मानिकचंद, रामप्रसाद सहित विकास खंड दुद्धी के अधिकांश ग्राम पंचायतों के प्रधान मौजूद रहे।
प्रधानों ने चेतावनी दी कि पंचायतों के सम्मान और अधिकारों से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
दुद्धी, सोनभद्र से — जितेन्द्र प्रसाद
भारत दृष्टि लाइव न्यूज



