
पडरक्ष पंचायत के गांवों में नेटवर्क समस्या बनी बड़ी चुनौती, राशन वितरण और आपात सेवाएं प्रभावित
सोनभद्र/चोपन/विकासखंड चोपन के अंतर्गत ग्राम पंचायत पडरक्ष तथा इसके तहत आने वाले भालूकुदर, सतवारी, सरिया, भक्तिनिया, औराडंडी, साधुबथान, मुरकटिया समेत कई दर्जनो गांवों में नेटवर्क न होने की समस्या आज भी गंभीर बनी हुई है। इस कारण ग्रामीणों को न केवल सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में परेशानी होती है, बल्कि आपातकालीन स्थिति में भी लोग असहाय महसूस करते हैं।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि भालूकुदर स्थित राशन दुकान पर आसपास के कई गांवों के लोग खाद्यान्न लेने आते हैं, लेकिन नेटवर्क न रहने की वजह से मशीन का सर्वर काम नहीं करता। घंटों इंतजार करने के बावजूद लोगों को समय पर राशन नहीं मिल पाता। इतना ही नहीं, केवाईसी और राशन कार्ड अपडेट का काम भी अधर में लटका हुआ है।
ग्रामीणों ने बताया कि नेटवर्क की कमी ने उनकी ज़िंदगी को और कठिन बना दिया है। अगर अचानक घर में किसी की तबीयत बिगड़ जाए या प्रसव पीड़ा में महिला को अस्पताल ले जाना हो, तो एंबुलेंस बुलाने के लिए भी नेटवर्क उपलब्ध नहीं होता। लोग मजबूरी में पेड़ या पहाड़ पर चढ़कर किसी तरह नेटवर्क पकड़ते हैं, तब जाकर कॉल लग पाता है। कई बार इस देरी के चलते मरीज की जान तक चली जाती है।
ग्रामीण भालूकुदर के डिलर रामलखन ने बताया कि इस गंभीर समस्या को लेकर कई बार शासन-प्रशासन को आवेदन और पत्राचार किए गए हैं, लेकिन अब तक कोई सुनवाई नहीं हुई।
ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से उत्तर प्रदेश सरकार और प्राइवेट मोबाइल नेटवर्क कंपनियों से अपील की है कि जल्द से जल्द इन क्षेत्रों में बेहतर नेटवर्क की व्यवस्था की जाए, ताकि जनता को सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर मिले और आपात स्थिति में भी किसी की जान संकट में ना पडे



