गढ़वा /केतार: आगामी नवरात्र एवं दुर्गा पूजा पर्व को लेकर शुक्रवार को केतार थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) प्रशांत कुमार ने की। मौके पर थाना प्रभारी अरुण कुमार रवानी, प्रखंड प्रमुख चंद्रावती देवी, अंचलाधिकारी, जनप्रतिनिधि, समाजसेवी तथा विभिन्न पूजा समितियों के पदाधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

थाना प्रभारी ने दिए सख्त निर्देश
बैठक में थाना प्रभारी अरुण कुमार रवानी ने कहा कि सोशल मीडिया पर भड़काऊ या विवादित पोस्ट डालने की कड़ी मनाही है। यदि किसी भी प्रकार की अफवाह या अशांति फैलाने की कोशिश की जाती है तो उस पर त्वरित कार्रवाई होगी। उन्होंने सभी पूजा पंडालों से कहा कि पंडाल के अध्यक्ष एवं सचिव का मोबाइल नंबर प्रशासन को उपलब्ध कराएं, ताकि आपात स्थिति में तुरंत संपर्क स्थापित किया जा सके। उन्होंने यह भी अपील की कि पर्व के दौरान किसी प्रकार की समस्या या अप्रिय घटना घटने पर तुरंत थाना को सूचना दें।

बीडीओ ने डीजे पर लगाया प्रतिबंध का उल्लेख किया
बीडीओ प्रशांत कुमार ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि न्यायालय के आदेशानुसार डीजे बजाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। उन्होंने कहा कि पूजा समितियाँ परंपरा और मर्यादा का पालन करते हुए पर्व मनाएं। साथ ही, उन्होंने सभी वर्गों के लोगों से आपसी सौहार्द एवं भाईचारे का परिचय देने की अपील की।

जनप्रतिनिधियों ने भी की अपील
प्रखंड प्रमुख चंद्रावती देवी सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने कहा कि दुर्गा पूजा एक ऐसा पर्व है जिसमें सभी धर्म और समुदाय के लोग मिलजुल कर भाग लेते हैं। इसलिए प्रशासन और जनता मिलकर इस महापर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से सफल बनाएं।

बैठक में मौजूद रहे
इस बैठक में विभिन्न पंचायतों के मुखिया, वार्ड सदस्य, पूजा समिति के अध्यक्ष-सचिव, समाजसेवी और स्थानीय ग्रामीण भी शामिल हुए। सभी ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया।



