Homeबड़ी खबरेताजा खबरगढ़वा बाजार में त्योहारों के मद्देनज़र बढ़ेगी पुलिस निगरानी

गढ़वा बाजार में त्योहारों के मद्देनज़र बढ़ेगी पुलिस निगरानी

धनतेरस को लेकर सुरक्षा व्यवस्था पर हुई विस्तृत चर्चा

गढ़वा, 11 अक्टूबर गढ़वा जिले में छठ, दीपावली और धनतेरस पर्व को लेकर सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने हेतु शनिवार को पुलिस अधीक्षक अमन कुमार (भा.पु.से.) की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभागार कक्ष में चैंबर ऑफ कॉमर्स के पदाधिकारियों एवं सदस्यों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक में पुलिस अधीक्षक ने व्यापारियों से उनके क्षेत्र में आ रही सुरक्षा संबंधी परेशानियों की जानकारी ली और उनके निराकरण हेतु संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

चैंबर ऑफ कॉमर्स की ओर से आगामी पर्वों के दौरान गढ़वा बाजार, अग्रवाल मोहल्ला, कपड़ा पट्टी, नमक पट्टी, चौघराना बाजार सहित अन्य भीड़-भाड़ वाले स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल की मांग की गई।

पुलिस अधीक्षक अमन कुमार ने उनकी मांग को स्वीकारते हुए निर्देश दिया कि सभी चिन्हित स्थलों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि त्योहारों के दौरान किसी प्रकार की अवांछित घटना न हो।

उन्होंने व्यापारियों से यह भी आग्रह किया कि अपनी दुकानों के अंदर और बाहर CCTV कैमरे लगाना सुनिश्चित करें, जिससे किसी भी संभावित घटना की स्थिति में पुलिस को जांच और कार्रवाई में सहूलियत मिल सके।

इस अवसर पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (गढ़वा एवं श्री बंशीधर नगर), प्रशिक्षु पुलिस उपाधीक्षक, थाना प्रभारी गढ़वा सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे।


RELATED ARTICLES

Most Popular